‘समावेश, गुणवत्ता और राष्ट्र निर्माण के लिए शिक्षा’ विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन; आधुनिक शिक्षा, NEP 2020 और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर हुई चर्चा
लखनऊ : (एशिया टाइम्स ) इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ में शनिवार को 16वें अखिल भारतीय शैक्षिक सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हुआ। ‘समावेश, गुणवत्ता और राष्ट्र निर्माण के लिए शिक्षा’ विषय पर आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिष्ठित शिक्षाविद, बुद्धिजीवी, नीति-निर्माता और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
ऑल इंडिया एजुकेशनल मूवमेंट (AIEM) की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ एजुकेशन तथा फैकल्टी ऑफ ह्यूमैनिटीज, सोशल एंड बिहेवियरल साइंसेज का सहयोग है। सम्मेलन का उद्देश्य शिक्षा में समान अवसर, गुणवत्ता, वंचित वर्गों तक शिक्षा की पहुंच और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर विमर्श को आगे बढ़ाना है।
शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी: प्रो. सैयद वसीम अख्तर
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं चांसलर प्रोफेसर सैयद वसीम अख्तर ने की। अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति विश्वविद्यालय की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से शिक्षा और सामाजिक सेवा के आपसी संबंध को रेखांकित किया।
उन्होंने विश्वविद्यालय में इस महत्वपूर्ण सम्मेलन के आयोजन के लिए ऑल इंडिया एजुकेशनल मूवमेंट का आभार भी व्यक्त किया।
उद्घाटन सत्र के समापन पर अतिथियों ने AIEM स्मारिका का औपचारिक विमोचन किया।
वंचित वर्गों में शिक्षा का प्रसार समय की जरूरत: डॉ. ख्वाजा एम. शाहिद
कार्यक्रम की शुरुआत इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रोफेसर मोहम्मद हारिस सिद्दीकी के स्वागत भाषण से हुई।
उद्घाटन वक्तव्य मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद के पूर्व कुलपति एवं AIEM के अध्यक्ष डॉ. ख्वाजा एम. शाहिद ने दिया। उन्होंने पिछली शैक्षिक कॉन्फ्रेंस का उल्लेख करते हुए समाज के वंचित वर्गों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शैक्षिक विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए।
बिना भेदभाव शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की बुनियाद: प्रो. फरकान कमर
सम्मेलन के मुख्य वक्ता इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर फरकान कमर ने बिना किसी भेदभाव के शिक्षा उपलब्ध कराने की वकालत की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और समाज के विकास में आधुनिक शिक्षा की बुनियादी भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने शिक्षा के समान अवसर और बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप शैक्षणिक व्यवस्था विकसित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
NEP 2020 और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के शैक्षिक उपयोग पर चर्चा
सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि डॉ. सुशील सोलोमन, पूर्व कुलपति, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) की संभावनाओं और इसके महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार रखे।
उन्होंने राष्ट्रीय विकास में शिक्षा के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के बढ़ते इस्तेमाल को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीकों की उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
शिक्षा नीतियों के क्रियान्वयन की समीक्षा जरूरी: प्रो. मोहम्मद मियां
मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रोफेसर मोहम्मद मियां ने कहा कि शैक्षिक नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ उनके परिणामों की नियमित समीक्षा भी जरूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नीतियों की सफलता का आकलन उनके वास्तविक और जमीनी प्रभावों के आधार पर होना चाहिए।
शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं: डॉ. फौजिया खान
सम्मेलन की सह-अध्यक्ष एवं AIEM की संरक्षक, राज्यसभा की पूर्व सांसद डॉ. फौजिया खान ने अल्पसंख्यक समुदायों की शैक्षिक प्रगति के लिए सरकार की ओर से विशेष ध्यान और सहयोग की आवश्यकता बताई।
उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि सफल, जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
तकनीकी सत्रों का भी हुआ आगाज
उद्घाटन सत्र के बाद सम्मेलन के विशेष तकनीकी सत्रों की शुरुआत हुई। इन सत्रों में शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार, अनुभव और शोध प्रस्तुत कर रहे हैं।
दो दिवसीय सम्मेलन में शिक्षा में समावेशिता, गुणवत्ता, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति, आधुनिक तकनीक और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
