नई दिल्ली, 19 नवंबर 2026
जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली ने टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में विश्व स्तर पर 69वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा और वैश्विक उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उसकी मजबूत उपस्थिति की पुष्टि हुई है।
वैश्विक स्तर पर जामिया की उल्लेखनीय उपलब्धि
प्रतिष्ठित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग्स 2027 की ताजा सूची में जामिया को दुनिया के अग्रणी विश्वविद्यालयों में स्थान मिला है। यह उपलब्धि शिक्षण, अनुसंधान, ज्ञान सृजन, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता के क्षेत्र में विश्वविद्यालय के निरंतर योगदान को दर्शाती है।
उल्लेखनीय है कि यह रैंकिंग विश्वविद्यालयों का अंतर्विषयक अनुसंधान से जुड़े प्रमुख मानकों के आधार पर मूल्यांकन करती है। इसमें इनपुट, प्रक्रिया और आउटपुट जैसे मानदंड शामिल हैं। इसके माध्यम से विभिन्न विषयों और विज्ञान के क्षेत्रों में आपसी सहयोग से होने वाले शोध तथा जटिल वैश्विक चुनौतियों के समाधान में विश्वविद्यालयों के योगदान को रेखांकित किया जाता है।
शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम
जामिया मिल्लिया इस्लामिया का वैश्विक स्तर पर 69वां स्थान हासिल करना विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और शोध वातावरण को मजबूत बनाने में उसके शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। यह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत विकास के प्रति विश्वविद्यालय की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने दी बधाई
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में जामिया के शानदार प्रदर्शन में सभी की सामूहिक भागीदारी की सराहना की। साथ ही शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार, अंतर्विषयक सहयोग और वैश्विक शैक्षणिक संबंधों को बढ़ावा देने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई।
रजिस्ट्रार ने शोध और शिक्षण की गुणवत्ता को सराहा
जामिया के रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने विश्वविद्यालय को मिली इस उच्च रैंकिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विज्ञान और अंतर्विषयक वैज्ञानिक विषयों के क्षेत्र में जामिया के शोधकर्ताओं द्वारा हासिल की गई प्रगति और आधुनिक अनुसंधान का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यह शिक्षण और शोध के उस उच्च स्तर की पहचान है, जिसे विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने न केवल बनाए रखा है, बल्कि समय के साथ उसमें लगातार सुधार भी किया है। इसी वजह से उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना और पहचान मिली है।
IQAC टीम के प्रयासों की सराहना
आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) की मानद निदेशक प्रो. रिफत परवीन ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के पूरे समुदाय को बधाई दी।
उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग प्रक्रियाओं के लिए आवश्यक संस्थागत आंकड़ों और जानकारियों को एकत्रित करने, व्यवस्थित करने, सत्यापित करने और जमा कराने में सहयोग देने के लिए IQAC टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की।
वैश्विक रैंकिंग में और सुधार के लिए प्रतिबद्ध जामिया
विश्वविद्यालय ने IQAC टीम के साथ-साथ विभिन्न संकायों, विभागों, केंद्रों और प्रशासनिक इकाइयों के कर्मचारियों के बहुमूल्य योगदान को भी स्वीकार किया है। उनके समन्वित प्रयासों ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया की संस्थागत प्रतिष्ठा मजबूत करने और वैश्विक रैंकिंग की प्रक्रियाओं में उसकी भागीदारी बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने अपने शैक्षणिक, अनुसंधान और गुणवत्ता आश्वासन तंत्र को और मजबूत बनाने के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
