‘हम भारत के लोग’ – लेखकों, कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों का राष्ट्रीय सम्मेलन
नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026: ऐसे समय में, जब भारत के संवैधानिक आधार, लोकतांत्रिक स्वतंत्रताओं और बहुलतावादी सांस्कृतिक परंपराओं पर लगातार हमले हो रहे हैं, देश भर के लेखक, कवि, कलाकार, बुद्धिजीवी और संस्कृतिकर्मी 28 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के जवाहर भवन में ‘हम भारत के लोग’ के बैनर तले एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में एकजुट होंगे।
45 बुद्धिजीवियों की अपील से शुरू हुई पहल, 500 से अधिक लोगों का समर्थन
इस पहल की शुरुआत 45 लेखकों, कवियों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों की एक अपील से हुई थी, जिसमें संविधान और उसके चार बुनियादी मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व—की रक्षा के लिए रचनात्मक समुदाय से एकजुट होने का आह्वान किया गया था। इस अपील को अब तक देश भर के 500 से अधिक लेखकों, कलाकारों, बुद्धिजीवियों और संस्कृतिकर्मियों का समर्थन मिल चुका है।
संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ता दबाव
यह सम्मेलन देश के सार्वजनिक जीवन के एक बेहद महत्वपूर्ण मोड़ पर आयोजित हो रहा है। बढ़ती असहिष्णुता, सांप्रदायिक और जातिगत हिंसा, भेदभाव और नफ़रत को सामान्य बनाने की कोशिशें हमारे समाज के साझा ताने-बाने को कमजोर कर रही हैं। संवैधानिक अधिकारों, असहमति जताने की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आज़ादी और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। स्वतंत्र चिंतन, बौद्धिक विमर्श और रचनात्मक अभिव्यक्ति के मंच सिमटते जा रहे हैं। भारत की भाषाओं, आस्थाओं, विचारों, परंपराओं और जीवन पद्धतियों की असाधारण विविधता की जगह सांस्कृतिक एकरूपता थोपने की कोशिशें हो रही हैं।
संस्कृति और आज़ादी पर भी हो रहे हैं हमले: अशोक वाजपेयी
26 नवंबर को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कवि अशोक वाजपेयी ने कहा कि हमला केवल संविधान पर नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और हमारी आज़ादी पर भी हो रहा है। लोग क्या पहनें, क्या खाएं, क्या बोलें और क्या सोचें, इस पर पाबंदियां लगाने की कोशिश की जा रही है। सवाल उठाने और असहमति व्यक्त करने के मंच लगातार कमज़ोर किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संकट बहुत बड़ा है और इस सम्मेलन को एक शुरुआत के रूप में देखा जाना चाहिए। यह पहल आगे भी जारी रहेगी और इसे एक व्यापक सामूहिक प्रयास में बदला जाएगा।
उन्होंने फ्रांस में हुए ऐतिहासिक बौद्धिक और सांस्कृतिक सम्मेलनों का भी उल्लेख किया, जहां लेखकों और विचारकों ने सत्ता के अधिनायकवादी रुझानों के विरुद्ध स्वतंत्रता और संस्कृति की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज़ उठाई थी।
कला और संस्कृति अपने समय के संकटों से अलग-थलग नहीं रह सकती
लेखकों, कवियों, संगीतकारों, फिल्मकारों, रंगकर्मियों, नर्तकों और दृश्य कलाकारों ने हमेशा अन्याय पर सवाल उठाने, दमन का विरोध करने और समाज की अंतरात्मा को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कला और साहित्य ने हर दौर में प्रतिरोध, कल्पना, एकजुटता और उम्मीद के लिए जगह बनाई है, खासकर तब जब लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति के दूसरे रास्ते बंद किए जाने की कोशिश हुई है।
रचनात्मक समुदाय की एकजुटता समय की जरूरत: अपूर्वानंद और शबनम हाशमी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रो. अपूर्वानंद और सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी ने भी इस महत्वपूर्ण समय में लेखकों और कलाकारों के एकजुट होने की आवश्यकता पर जोर दिया। संवैधानिक अधिकारों, लोकतांत्रिक स्वतंत्रताओं और सवाल पूछने के अधिकार पर बढ़ते हमलों के बीच रचनात्मक समुदाय का सामूहिक रूप से अपनी आवाज़ उठाना बेहद ज़रूरी है।
डराने-धमकाने और आवाज़ दबाने की कोशिशों के बावजूद अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए खड़े रहने वाले कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों के अनुभवों को एक व्यापक सामूहिक प्रतिरोध का हिस्सा बनना होगा।
विभिन्न भाषाओं और कला विधाओं के प्रतिनिधि होंगे शामिल
इस सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों, भाषाओं और समुदायों से लेखक, कवि, संगीतकार, फिल्मकार, रंगकर्मी, नर्तक, दृश्य कलाकार और संस्कृतिकर्मी शामिल होंगे। यह सम्मेलन अपने अनुभव साझा करने, वर्तमान संकट पर विचार-विमर्श करने और लोकतांत्रिक मूल्यों तथा भारत की मिली-जुली सांस्कृतिक विरासत की रक्षा में रचनात्मक अभिव्यक्ति की भूमिका को फिर से स्थापित करने का साझा मंच बनेगा।
सम्मेलन में जारी होगा साझा घोषणा-पत्र
सम्मेलन में देश भर के लेखकों, कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों द्वारा हस्ताक्षरित एक साझा घोषणा-पत्र (Joint Declaration) भी जारी किया जाएगा। यह घोषणा-पत्र संविधान, लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और भारत की बहुलतावादी सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के प्रति उनकी सामूहिक प्रतिबद्धता को व्यक्त करेगा।
एक दिवसीय आयोजन से आगे बढ़ेगी राष्ट्रीय पहल
‘हम भारत के लोग’ केवल एक दिन का आयोजन नहीं है। यह विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और कला विधाओं से आने वाली आवाज़ों को जोड़ने, उनके बीच एकजुटता कायम करने और समाज को बांटने तथा उसकी आवाज़ दबाने वाली ताकतों के विरुद्ध सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक प्रतिरोध को मजबूत करने की एक बड़ी पहल की शुरुआत है।
शब्दों, संगीत और कला के माध्यम से जारी रहेगा प्रतिरोध
ऐसे समय में जब इंसानियत, शांति, भाईचारे और मोहब्बत की आवाज़ों को हाशिये पर धकेलने की कोशिश हो रही है, लेखकों और कलाकारों को अपनी सार्वजनिक भूमिका निभानी होगी। अपने शब्दों, संगीत, प्रस्तुतियों, फिल्मों, चित्रों, डिज़ाइनों और हर रचनात्मक माध्यम से उन्हें बोलना होगा, सवाल उठाने होंगे, कल्पना करनी होगी और प्रतिरोध जारी रखना होगा।
इस सम्मेलन का संदेश स्पष्ट है: हम चुप नहीं रहेंगे। संविधान, लोकतंत्र, स्वतंत्रता और भारत की विविधता की रक्षा के लिए हम एकजुट होकर खड़े होंगे।
हम भारत के लोग
