दिल्ली में पारा 5 डिग्री, यहां शिमला से ज्यादा ठंड:MP-राजस्थान में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, छत्तीसगढ़ में ओस जमी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से जारी बर्फबारी के चलते पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में ठंड बढ़ गई है।
दिल्ली में शुक्रवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में शिमला से भी ज्यादा ठंड है। शिमला में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा का हिसार भारत के मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। भारत के अधिकांश हिस्सों में ठंड के कारण विजिबिलिटी 500 मीटर से भी कम रही।
MP-राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से कम रहा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में ओस जम गई।

दिल्ली-पंजाब में घना कोहरा, यूपी, MP में भी कोहरे की चादर
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली के लोधी रोड, आयानगर, कर्तव्य पथ सहित कई इलाकों में घना कोहरा भी छाया रहा। पंजाब के अमृतसर में भी घने कोहरे की चादर छाई रही। यहां पर मिनिमम टेम्प्रेचर 6 डिग्री सेल्सियस रहा। कोल्ड वेव के चलते अमृतसर में जगह-जगह अलाव जल रहे हैं।
मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी, एमपी, बिहार,असम, मेघालय, उत्तरी राजस्थान और त्रिपुरा में भी मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। दिल्ली में अगले चार दिन तक हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
इस सप्ताह के दौरान इन सभी इलाकों के तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, अगले सप्ताह से देश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की उम्मीद है।

दिल्ली की हवा में मामूली सुधार
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली में 14 दिसंबर को AQI 'बहुत खराब' (326) रहा। शुक्रवार (आज) इसमें सुधार हुआ है। जिससे यह 'बहुत खराब' से 'खराब' की लिस्ट में आ गया है।
बता दें कि 0 और 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'हल्का', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल...
मध्य प्रदेश के उमरिया में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, राजगढ़ और पचमढ़ी में 8 डिग्री के नीचे आया

मध्य प्रदेश में अब रातें भी सर्द हो गई हैं। गुरुवार-शुक्रवार की रात तेज ठंड रही। खासकर राजगढ़, पचमढ़ी और उमरिया में टेम्प्रेचर 8 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। उमरिया में शुक्रवार की रात को तापमान 6.5, पचमढ़ी में 7.2 डिग्री रहा। दिन के टेम्प्रेचर में मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन उत्तर से सर्द हवाएं आने से ठिठुरन बनी हुई है। पूरी खबर पढ़ें...
बिहार में पटना समेत 17 शहरों का पारा लुढ़का , भागलपुर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री हुआ

जम्मू-कश्मीर के बर्फ वाले इलाके से होकर बिहार तक पछुआ हवा पहुंच रही है। इसके कारण सुबह और शाम मौसम काफी सर्द बना हुआ है। पटना समेत 17 शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भागलपुर के सबौर में पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया। ठंड के साथ ही हवा भी बेहद खराब हो रही है। पूरी खबर पढ़ें...
छत्तीसगढ़: 19 दिसंबर के बाद और बढ़ेगी ठंड; सरगुजा के मैनपाट में जम गई ओस

छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। प्रदेश में शुकवार को मौसम शुष्क रहेगा। ठंडी और शुष्क हवाओं से रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं। गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.7 अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
सरगुजा के मैनपाट इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 6 डिग्री पहुंच गया है। वहीं, बलरामपुर के सामरी पाट में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। पूरी खबर पढ़ें...
राजस्थान के कोटा, बारां में सीजन की सबसे ठंडी रात

राजस्थान में सर्दी के तेवर बरकरार हैं। अजमेर, अलवर, जयपुर समेत कई शहरों में शुक्रवार को तापमान में गिरावट हुई। इधर हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान बढ़कर 1.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बारां में शुक्रवार को सीजन का न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। पाली, बीकानेर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हुई। पूरी खबर पढ़ें...

अन्य राज्यों में मौसम की स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन देखा गया है। दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन या लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना थी। साथ ही बताया गया है कि 16 दिसंबर से वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के उत्तर-पश्चिम हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की आशंका है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर और लद्दाख एरिया प्रभावित होगा।

केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु में 15 दिसंबर से 17 दिसंबर तक तूफान और भारी बारिश होने के आसार है। 17 दिसंबर को केरल और लक्षद्वीप में भी भारी बारिश होने की आशंका है। अगले दो सप्ताह तक दोनों जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी।

0 comments