राजस्थान-MP में ओले गिरने की चेतावनी:3 राज्यों में कोल्ड वेव का अलर्ट; तमिलनाडु-पुडुचेरी में भारी बारिश के चलते स्कूलों की छुट्टी
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने का सिलसिला आज (8 जनवरी) भी जारी है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आज कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में आज ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
उधर, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में रविवार देर रात से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। तेज बरसात के चलते पुडुचेरी के सभी स्कूलों और तमिलनाडु के 8 जिलों के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
भारी बारिश के चलते तमिलनाडु के तिरुवरूर जिले में एक मकान की दीवार ढह गई। इससे 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज भी तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, देश के 21 राज्य आज भी कोहरे की चपेट में दिखे। इनमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और नॉर्थ-ईस्ट के अरुणाचल प्रदेश को छोड़कर सभी राज्य शामिल हैं।
उत्तर भारत में कोहरे की वजह से ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला भी लगातार जारी है। दिल्ली में आज 20 ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकीं। पंजाब और राजस्थान से दिल्ली पहुंचने वाली कुछ ट्रेनें 6 घंटे से ज्यादा लेट हुईं। रविवार को भी 22 ट्रेनें प्रभावित हुई थीं।

आगे कैसा रहेगा मौसम
उत्तर भारत: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 9 जनवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्त-पश्चिमी हिस्से और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में आज और कल हल्की बारिश हो सकती है।
पश्चिम भारत: महाराष्ट्र और गुजरात के कई इलाकों में भी आज और कल गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मध्य भारत: पूर्वी राजस्थान में भी आज और मंगलवार को ओले गिरने का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में सिर्फ आज के लिए ही ओले का अलर्ट है।
दक्षिण भारत: तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में आज से अगले 3-4 दिन तक बारिश का अलर्ट है।
अब तस्वीरों के साथ जानिए राज्यों में मौसम का हाल...
मध्य प्रदेश: ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत, 11 शहरों में टेम्परेचर 20 डिग्री से कम

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। पिछले सात दिन से लगातार मौसम सर्द है। भोपाल में तो चार दिन से धूप नहीं खिली। सोमवार सुबह कड़ाके की ठंड रही। घना कोहरा होने से विजिबिलिटी 10 मीटर रह गई। ग्वालियर, गुना, सागर, रायसेन, इंदौर, उज्जैन समेत कई शहरों में भी ऐसा ही मौसम है। पूरी खबर पढ़ें...
उत्तर प्रदेश: 2 दिन में 15 शहरों में बारिश का अलर्ट, 33 जिले में कोहरा; विजिबिलिटी 50 मीटर

यूपी में आज 33 जिलों में घना कोहरा छाया। मध्य प्रदेश से सटे 2 जिलों में मूसलाधार बारिश और 5 जिलों में सामान्य बारिश होगी। वहीं, कल प्रदेश के 13 जिलों के लिए मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से यूपी में 11 जनवरी तक बारिश का दौर जारी रहेगा। पूरी खबर पढ़ें...
बिहार: कई जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट, अगले 3-4 दिन में और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने आज बिहार के सभी 38 जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पटना समेत कई जिलों में सुबह से घना कोहरा भी छाया हुआ है। गलन वाली ठंड महसूस हो रही है। कई जिलों में 3-4 दिनों से ठीक से धूप नहीं निकली। सर्द हवा के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पूरी खबर पढ़ें...
झारखंड: कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, रांची सहित कई हिस्सों में गिरा पारा

झारखंड के कई जिलों में हुई बारिश ने ठंड और धुंध बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों पश्चिमी विक्षोभ का असर है। 5 जनवरी के बाद से ही मौसम ने अपना मिजाज बदला है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से पिछले दो दिनों के दिनों में रांची समेत कई जिलों में बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें...
हरियाणा: आज रात कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना, 5 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

हरियाणा में आज रात वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार इसका ज्यादा असर प्रदेश के दक्षिणी व उत्तरी जिलों में ही दिखाई देगा। इन जिलों में रात से बारिश के आसार बनेंगे। अन्य जिलों में हल्के बादल छाए रहेंगे। पूरी खबर पढ़ें...
पंजाब: 4 जिलों में आज बारिश की संभावना, कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी

पंजाब और हरियाणा के 4-4 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह और शाम के समय दोनों ही राज्यों में धुंध का ऑरेंज अलर्ट भी है। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते लगातार कोल्ड वेव से तापमान में गिरावट देखने को मिली रही है। पूरी खबर पढ़ें...
मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें
- ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
- हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।


0 comments