राजस्थान के उदयपुर में दिनदहाड़े युवक की हत्या का मामला सामने आया है. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. आनन-फानन में जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा, एसपी मनोज चौधरी भी मौके पर पहुंचे. इस घटना को लेकर आक्रोशित व्यापारियों ने दुकानों को बंद कर दिया.
बताया जा रहा है कि युवक ने बीजेपी की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पक्ष में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी. उदयपुर में अगले 24 घंटे के लिए इंटनेट सेवा बंद कर दी गई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ईटीवी भारत रिपोर्ट के अनुसार, उदयपुर के धान मंडी इलाके में एक दुकान में घुसकर सुप्रीम टेलर के मालिक कन्हैया लाल साहू की दिनदहाड़े धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. मृतक ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पक्ष में एक पोस्ट की थी. मंगलवार को जैसे उसने दुकान खोली तो दो लोग कपड़े सिलाने के नाम पर आए. इस दौरान कपड़े का नाप लेते वक्त युवकों ने उसके गले पर धारदार हथियार से हमला करते हुए निर्मम हत्या कर दी. घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें युवक निर्मम तरीके से टेलर की हत्या करते हुए नजर आ रहे हैं.
वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि ‘उदयपुर में हुई घटना बहुत ही दुःखद है और उसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है, बहुत चिंता वाली बात है कि इस प्रकार से मर्डर करना किसी का ये बहुत ही दुःखद भी है, शर्मनाक भी है. मैं समझता हूं कि माहौल ठीक करने की आवश्यकता भी है. पूरे देश के अंदर तनाव का माहौल बन गया है.’
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उदयपुर में धर्म के नाम पर व्यक्ति की हत्या किए जाने की घटना की निंदा की है. उन्होंने ट्वीट किया, ‘उदयपुर में हुई जघन्य हत्या से मैं बेहद स्तब्ध हूं. धर्म के नाम पर बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जा सकती. इस हैवानियत से आतंक फैलाने वालों को तुरंत सख़्त सज़ा मिले. हम सभी को साथ मिलकर नफ़रत को हराना है. मेरी सभी से अपील है, कृपया शांति और भाईचारा बनाए रखें.’
वहीं कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने ट्वीट किया, ‘कन्हैया कुमार, अखलाक और पहलू खान यह सब नफरत के शिकार हुए. कौन है जो देश में कट्टरता का माहौल बना रहा है? कौन है जो समाज में विवाद पैदा कर रहा है? कौन है जो नफ़रत फैला कर राजनैतिक लाभ प्राप्त कर रहा है?’ उन्होंने कहा, ‘सब जानते हैं, वो कौन है. सब देख रहे हैं, वो मौन है.’
दूसरी तरफ एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर कहा कि ‘उदयपर में हुई क्रूर हत्या निंदनीय है. ऐसी हत्या को कोई डिफ़ेंड नहीं कर सकता. हमारी पार्टी का मुसलसल स्टैंड यही है के किसी को भी क़ानून को अपने हाथों में लेने का हक़ नहीं है. हमने हमेशा हिंसा का विरोध किया है.’
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि ‘हमारी सरकार से माँग है के वो मुजरिमों के ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त एक्शन लें. विधि शासन को क़ायम रखना होगा.’
वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि ‘उदयपुर में जो उन्मादी हत्या हुई है उसकी जितनी निंदा हो वो कम है. आज समाज के हर एक व्यक्ति को आगे आना होगा और देश के भाईचारे को नफ़रत की भेंट चढ़ने से बचाना होगा. ऐसे आपराधिक तत्वों को समय रहते सख़्त से सख़्त सज़ा दी जाए जिससे देश के अमन-चैन के दुश्मन इसका लाभ न उठा सकें.
इन सब के अलावा पत्रकार आदित्य मेनन ने इस हत्या पर ट्वीट कर कहा कि ‘उदयपुर हत्याकांड, गो लिंचिंग के मामले से अलग नहीं हैं. दोनों समान रूप से जघन्य है. अंतर यह है कि अब हर कोई उदयपुर की निंदा करेगा. उन्हें कानून की ताकत का सामना करना पड़ेगा जैसा कि उन्हें करना भी चाहिए. लेकिन दूसरी श्रेणी के लोगों के द्वारा उन्हें बचाने अथवा जश्न नहीं मनाया जाएगा.’
वहीं पत्रकार समीउल्लाह खान ने कहा कि ‘उदयपुर की घटना ग़लत है. इस्लाम ने कभी भी ऐसी तालीम नही दी है जो अराजकता की तरफ़ ले जाए, कानुन हाथ मे लेने और खुद ही जज़ बनने की इस्लामी तालीमात मे कोई गुंजाइश नही है, इसलिए अगर कोई गैर-इस्लामी काम अंजाम देता है तो उसके लिए इस्लाम या मुसलमानों को जिम्मेदार करना इस्लामोफोबीया है.’
मीडिया ख़बरों के अनुसार हत्या के बाद उदयपुर शहर का बाजार बंद कर दिया गया है. अलग-अलग संगठनों के बड़ी संख्या में लोग हाथीपोल चौराहा पर एकत्रित हुए. वे घटना स्थल पर जाना चाहते हैं. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस का जाब्ता तैनात है. एसपी खुद मौके पर मोर्चा संभाले हुए हैं. वहीं अगले 24 घंटे के लिए इंटनेट सेवा बंद कर दी गई है.

0 comments