75 साल में ऐसा पहली बार:इस महीने पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता, दुनिया में आतंकवाद के खिलाफ अभियान

भारत आने वाली 15 अगस्त को आजादी के 75वें साल में प्रवेश कर रहा है। इसी अहम मौके पर भारत को दुनिया की सबसे शक्तिशाली संस्था- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की अध्यक्षता मिली है। भारत ने एक अगस्त काे फ्रांस से यह जिम्मेदारी ली। एक महीने तक इस पद पर रहने के दौरान भारत की ओर से बुलाई गई बैठकों में एक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी करेंगे। बीते 75 साल में पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री यूएनएससी की किसी बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी दूत टीएस तिरुमूर्ति ने फ्रांसीसी प्रतिनिधि निकोलस डि रिवेयर से रविवार को अध्यक्ष का प्रभार लिया। अध्यक्ष के तौर पर दो अगस्त को भारत का पहला कार्यदिवस होगा। तिरुमूर्ति ने बताया कि इस महीने के दौरान भारत की अध्यक्षता में यूएनएससी की कई अहम बैठकें एजेंडे में हैं। इनमें सीरिया, ईराक, सोमालिया, यमन, मध्य-पूर्व जैसे इलाकों में शांतिस्थापना के प्रयासों से जुड़ी बैठक अहम होगी। उन्होंने बताया कि वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति बनाने और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के मुद्दों पर भी महत्त्वपूर्ण बैठकें होंगी।

भारत की आवाज हमेशा सुधारवादी होगी- एस जयशंकर
यूएनएससी की अध्यक्षता भारत के पास आने पर भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, ‘हम अधिकतम नतीजे देने की कोशिश करेंगे। इसके लिए सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा करते हैं। भारत की आवाज हमेशा सुधारवादी होगी। हम संवाद के पक्षधर और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पैरोकार हैं और रहेंगे।’

यूएनएससी में भारत का यह सातवां कार्यकाल
भारत जनवरी-2021 में सातवीं बार दिसंबर-2022 तक के लिए यूएनएससी का अस्थायी सदस्य चुना गया है। इसी हैसियत से पहली बार 1950-51 में चुना गया था। फिर 1967-68, 1972-73, 1977-78, 1984-85 और 1991-92 में चुना गया। भारत लंबे समय से इस परिषद की स्थायी सदस्यता और इसके स्वरूप में सुधार के लिए प्रयासरत है। यूएनएससी में अभी 15 सदस्य हैं। इनमें पांच स्थायी सदस्य- अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस और चीन हैं। बाकी 10 अस्थायी सदस्यों का चुनाव हर दो साल में इतने ही कार्यकाल के लिए होता है।

 

0 comments

Leave a Reply