बिहार: पटना में RJD के विधानसभा घेराव के दौरान जमकर हंगामा, पथराव के बाद हिरासत में लिए गए तेज प्रताप और तेजस्वी यादव
बिहार के मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से मंगलवार को बिहार विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर राजधानी पटना में जमकर हंगामा हुआ। इस बीच जमकर पथराव भी किया गया तथा पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें भी छोड़ी गई। इस दौरान तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव को हिरासत में ले लिया गया।
बिहार में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद ने मंगलवार को विधानसभा घेराव करने की घोषणा की थी, जिसे प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता गांधी मैदान के पास एकत्रित हो गए और विधानसभा की ओर वढ़ने लगे। राजद के नेता तेजस्वी यादव और तेजप्रताप भी यहां पहुंचे, तब राजद के नेता उत्साहित हो गए।

0 comments