झांसी:पारिवारिक कलह से परेशान युवक ने आत्महत्या से पहले वीडियो किया वायरल
झांसी:पारिवारिक कलह से परेशान युवक ने आत्महत्या से पहले वीडियो किया वायरल
झांसी,14 जनवरी(वार्ता) उत्तर प्रदेश के झांसी में पारिवारिक कलह से तंग आकर एक युवक के आत्महत्या और उसके पहले अपनी परेशानी का बनाया एक वीडियो खुद ही सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस ने बताया कि मामला मऊरानीपुर थानाक्षेत्र का है जहां पारिवारिक कलह से तंग आकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली लेकिन मरने से पहले फेसबुक पर अपना वीडियो वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
रानीपुर में कुछ वर्षों से रह रहे मध्य प्रदेश के ग्राम पठारी निवासी 35 वर्षीय राजेश पुत्र ग्यासी प्रसाद गुरुवार को विषाक्त खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मरने से पहले राजेश ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो वायरल किया। इसमें उसने आत्महत्या करने की वजह अपने ससुरालियों को बताया।
वीडियो में बताया कि युवक की सास ने एक शादी समारोह में उसकी सैकड़ों लोगों के सामने बेज्जती कर दी थी। उसने बताया कि अपनी शादीशुदा जिंदगी में ससुरालियों की दखल अंदाजी से तंग आकर वह यह कदम उठा रहा है। उसने मरते मरते ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
मृतक के भाई बृजेश ने बताया कि राजेश का विवाह छतरपुर मध्य प्रदेश के ग्राम बनगांय में हुआ था। राजेश की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी। अपनी सास के हस्तक्षेप के चलते उसका हंसता खेलता परिवार अब बिखरने की कगार पर था।
रिवारिक कलह से तंग आकर उसने यह कदम उठाया और छोटे-छोटे अपने दो मासूम बच्चों को अनाथ कर गया। उसने मरने से पहले अपनी अन्तिम इच्छा के रुप में अपनी बेटी से मिलना बताया था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर डा. अभिषेक कुमार राहुल ने बताया कि परिजनों द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पूरे मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार पी ने कहा कि रानीपुर में युवा द्वारा आत्महत्या का मामला संज्ञान में आया है।
आत्महत्या से पहले युवक द्वारा वीडियो वायरल कर सास,ससुर पर अपमान करने का आरोप लगाया गया है। इस तरह की सूचना है। मामले की छानबीन की जा रही है, जो भी सबूत मिलेंगे उसके आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

0 comments