अमरनाथ में बादल फटने से तबाही:कैंप के बीच अचानक आया सैलाब; टेंट समेत बह गए लोग, पत्थरों में दबे मिले शव
अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे बादल फट गया। इससे कैंप के बीच से अचानक सैलाब आ गया। आपदा के दौरान गुफा के पास 10-15 हजार श्रद्धालु मौजूद थे। कई लोग टेंट के साथ बह गए। इनमें से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, प्रभावित क्षेत्र में अभी भी 35 से 40 श्रद्धालुओं के फंसे होने की खबर है।
बादल फटने की घटना पवित्र गुफा के एक से दो किलोमीटर के दायरे में हुई। पहाड़ों से तेज बहाव के साथ आए पानी से श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए करीब 25 टेंट और दो से तीन लंगर बह गए। आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। सेना के जवान, जम्मू-कश्मीर पुलिस, NDRF, ADRF, ITBP के जवान प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने में जुटे हैं। नीचे दिए 20 वीडियो-फोटोज में देखिए आपदा की त्रासदी...

शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे बादल फटने के बाद अमरनाथ यात्रा के रास्ते में लगे कैंप तक सैलाब आ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि बड़े पत्थर और चट्टानें भी बहने लगे।

बादल फटने के बाद पहाड़ों के बीच से पानी बहने लगा। बेस कैंप पर लगाए गए टेंट में से करीब 25 टेंट और दो-तीन लंगर पानी में बह गए।

इसके बाद बेस कैंप पर हर तरफ मलबा ही नजर आया। जानकारी मिली कि कई लोग पानी के साथ बह गए हैं, कई लोग मिट्टी में दब गए हैं। इसके बाद सेना ने मोर्चा संभाला। रेस्क्यू दल ने सरियों-फावड़ों की मदद से मलबा हटाना शुरू किया।


0 comments