रूस-यूक्रेन जंग:यूक्रेन ने सेवेरोडोनेट्स्क के पास रूसी हमलों का जवाब दिया; जेलेंस्की बोले- दक्षिणी यूक्रेन पर रूस का कब्जा नहीं होने देंगे

यूक्रेनी सैनिकों ने रविवार को पूर्वी शहर सेवेरोडोनेट्स्क के पास के गांवों पर हुए रूसी हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया। यूक्रेनी सेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आर्मी ने शकिवका इलाके में रूसी हमले को नाकाम कर दिया। इस वजह से रूसी सेना को पीछे हटना पड़ा और वे फिर से संगठित हो रहे हैं।

दूसरी तरफ, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलवोदिमिर जेलेंस्की ने रविवार को कहा- यूक्रेनी आर्मी देश के दक्षिणी हिस्से को रूस के कब्जे में नहीं जाने देगी। जेलेंस्की का यह बयान शनिवार को दक्षिणी शहर मायकोलाइव का दौरा करने के बाद आया। उन्होंने जंग की शुरुआत के बाद पहली बार देश के दक्षिणी शहर मायकोलाइव का दौरा किया था। यहां उन्होंने स्थानीय अधिकारियों के साथ मीटिंग की और सैनिकों को बहादुरी के लिए सम्मानित किया।

NATO चीफ बोले- कई साल तक खिंच सकती है रूस-यूक्रेन जंग

NATO के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने रविवार को बताया कि रूस- यूक्रेन युद्ध में कई साल लग सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यूक्रेनी सैनिकों को मॉडर्न हथियारों की सप्लाई से डोनबास इलाके को रूसी कब्जे से आजाद करने की संभावना बढ़ जाएगी।

स्टोलटेनबर्ग के बीते हफ्ते दिए बयान के मुताबिक, इस महीने के अंत में मैड्रिड में होने वाले NATO समिट में यूक्रेन के लिए एक सहायता पैकेज पर सहमत होने की उम्मीद है। इस पैकेज से यूक्रेन को पुराने सोवियत जमाने के हथियार की बजाय NATO स्टैंडर्ड के हथियार मिलेंगे।

खार्किव को फ्रंटलाइन शहर बनाने की कोशिश में रूस
न्यूज एजेंसी रायटर्स ने एक यूक्रेनी ऑफिशियल के हवाले से बताया है कि रूस, यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव को फ्रंटलाइन शहर बनाने की कोशिश कर रहा है। एजेंसी ने यह बात यूक्रेन के आंतरिक मंत्री के सलाहकार वादिम डेनिसेंको के हवाले से बताई है।

यह बयान इस हफ्ते एमनेस्टी इंटरनेशनल की ओर से रूस पर यूक्रेन में युद्ध अपराधों का आरोप लगाने के बाद आया है। इसमें रूस पर खार्किव में कई प्रतिबंधित क्लस्टर बमों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया, जिसमें सैकड़ों नागरिक मारे गए थे।

 

0 comments

Leave a Reply