मथुरा: RSS-BJP के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प, महिला नेता ने कोतवाल को मारी चप्पल
उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में शनिवार को देवरहा बाबा घाट पर स्नान करने के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों से अभद्रता के आरोप को लेकर झड़प हो गई। जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा कानूनी तौर पर मामला दर्ज नहीं कराया गया है। घटना से जुडा वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई (भाषा) की रिपोर्ट के मुताबिक, आरएसएस व भाजपा के कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट एवं एसपी सुरक्षा से की गई शिकायत में आरोप लगाया है कि जब आरएसएस के जिला प्रचारक मनोज कुमार आदि कार्यकर्ता स्नान के लिए घाट पर जा रहे थे, तभी कुछ पुलिसकर्मियों ने उनसे अभद्रता कर दी। इसके बाद वृन्दावन में ही उक्त कार्यकर्ताओं द्वारा कई चौराहों पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया।

0 comments