तेजस्वी ने कहा- यह चुनाव बेरोजगारी हटाओ अभियान है, समान काम के लिए समान वेतन देंगे

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर पहली प्राथमिकता पढ़ाई, दवाई, सिंचाई व कमाई होगी। राज्य के लोग इन्हीं चीजों को लेकर पलायन कर रहे हैं। सरकार बनते ही दस लाख युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे। समान काम के लिए समान वेतन देंगे। इस बार के चुनाव को उन्होंने बेरोजगाी हटाओ अभियान कहा। वे शनिवार को पूर्वी चंपारण के ढाका, चिरैया, सुगौली, मोतिहारी व गोविंदगंज विधानसभा क्षेत्र और पश्चिम चंपारण के लौरिया विधानसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित कर रहे थे।

तेजस्वी ने एनडीए पर चुटकी लेते हुए कहा कि एनडीए वालों ने मेरे पीछे 30-30 हेलीकॉप्टर लगा दिए हैं। मैं एक ही हेलीकॉप्टर से घूम रहा हूं। एक दिन में दर्जनों सभाएं कर रहा हूं। मेरा हेलीकॉप्टर तो ट्रैक्टर बन गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोग इस डबल इंजन की सरकार से त्रस्त हैं। खासकर किसानों एवं युवा वर्ग को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। प्याज का दाम सेंच्युरी मार रहा है तो आलू का दाम हाफ सेंच्युरी पर पहुंच चुका है। पहले यही बीजेपी वाले प्याज की माला पहनते थे, आज कहां गए वे लोग। तब वे महंगाई डायन खाय जात है गाना गाते थे। आज क्या महंगाई उनकी भौजाई लगेली।

कहा कि कोरोना संकट में कोई व्यक्ति कोरोना से नहीं मरा। वह भूख और इलाज के अभाव में मरा है। इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार दोषी है। उनकी सरकार में वृद्धा पेंशन चार सौ से बढ़ाकर एक हजार रुपये प्रति माह किया जाएगा। वे किसी के साथ भेदभाव नहीं करेंगे। अगड़ी, पिछड़ी, अल्पसंख्यक, दलित सभी को साथ लेकर चलेंगे। तेजस्वी ने कहा कि उनकी सरकार कल कारखाना बिठाने का भी कार्य करेगी, जिससे यहां के लोगों को दूसरे प्रदेश नहीं जाना पड़े। जब राज्य में बाढ़ से लोगों की स्थिति दयनीय थी तब ये बीजेपी वाले लोग घर में घुसे थे।

 

0 comments

Leave a Reply