रवि शास्त्री की नियुक्ति पर बीसीसीआई की हरी झंडी, लेकिन जहीर और द्रविड़ का मामला अटका
भारतीय क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच रवि शास्त्री की नियुक्ति को बीसीसीआई ने शनिवार को मंजूरी दे दी है. वहीं दूसरी तरफ गेंदबाजी कोच जहीर खान और बल्लेबाजी सलाहकार राहुल द्रविड़ की नियुक्ति पर फैसले को अगले हफ्ते तक के लिए टाल दिया गया है. बताया जा रहा है कि शास्त्री सोमवार को नए सपोर्ट स्टाफ के चयन के बारे में प्रशासकों की समिति (सीओए) के साथ बैठक करेंगे.
इस बैठक के बाद सीओए की तीन सदस्यीय समिति मंगलवार को भी एक बैठक करेगी. इसमें जहीर खान और राहुल द्रविड़ से टीम के साथ उनके अनुबंध के मुद्दे पर बात की जाएगी. इसके बाद ही इनकी नियुक्ति पर अंतिम फैसला हो पाएगा. हालांकि बीते दिनों ऐसी खबरें आई हैं कि रवि शास्त्री टीम के कोचिंग स्टाफ में बदलाव चाहते हैं. वे बतौर गेंदबाजी कोच भरत अरुण को टीम के साथ जोड़ना चाहते हैं. फिलहाल संजय बांगड़ और आर श्रीधर टीम के बल्लेबाजी और फील्डिंग कोच के रूप में काम कर रहे हैं.
टाइम्स आॅफ इंडिया के अनुसार, सीओए ने आज मुख्य कोच रवि शास्त्री सहित सभी कोचिंग स्टाफ को मिलने वाले वेतन और भत्ते तय करने के लिए कार्यकारी अध्यक्ष सीके खन्ना और सीईओ राहुल जौहरी के नेतृत्व में चार सदस्यीय समिति बनाई है. दरअसल कुछ महीने पहले आई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि पूर्व मुख्य कोच अनिल कुंबले अपने वेतन से खुश नहीं थे और उन्होंने बीसीसीआई पर इसे बढ़ाने का दबाव बनाया था.

0 comments