कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा के विजन डाक्यूमेंट को 'झूठ का संकल्प पत्र' बताया, पूछा-बिहार को कब मिलेगा विशेष राज्य का दर्जा
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा के घोषणा पत्र (विजन डाक्यूमेंट) को लेकर सवाल उठाया है। सुरजेवाला ने इसे 'झूठ का संकल्प पत्र' करार दिया। अपने ट्विटर हैंडलर पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारणम को सम्बोधित करते हुए सुरजेवाला ने सवाल पूछा कि यह भी बता दें कि बिहार को स्पेशल स्टेटस (विशेष राज्य का दर्जा) कब देंगे।
सुरजेवाला ने लिखा- 15 साल से 'झूठ का संकल्प पत्र' कर रहे हैं। बिहार को स्पेशल स्टेटस कब देंगे। सुशील मोदी-नीतीश जी कहते हैं नौकरी के लिए पैसा है ही नही, 58,000 करोड़ चाहिए तो फिर 5 लाख रोज़गार कहां से देंगे? 15 साल से किया बदहाल, अब न चलेगी ये धूर्त चाल!
गौरतलब है कि गुरुवार को भाजपा ने 5 सूत्र, एक लक्ष्य, 11 संकल्प के विजन डाक्यूमेंट को जारी किया। इसमें 19 लाख रोजगार का वादा है। सबसे बड़ा वादा शिक्षकों की नौकरी का है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में वादा किया है कि आने वाले एक साल में 3 लाख टीचरों की नियुक्ति करेगी। भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना विजन डॉक्टूयमेंट जारी किया और इस मौके पर कहा कि सरकार बनने के बाद इन वादों को पूरा करेगी।
भाजपा के घोषणा पत्र की मुख्य बातें-
1- कोरोना का नि शुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराएंगे
2- विद्यालय उच्च शिक्षा के विश्वविद्यालयों तथा संस्थानों में 3लाख शिक्षकों की नियुक्ति करेंगे
3- बिहार के नेक्स्ट जेनरेशन आईटी हब के रूप में विकसित करके अगले 5 वर्ष में 5 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर
4- 50 हजार करोड़ की व्यवस्था कराकर 1 करोड़ महिलाओं को स्वावलंबी बनाएंगे
5- कुल 1 लाख लोगों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के अवसर प्रदान करेंगे, दरभंगा में एम्स का संचालन 2024 तक
6- धान तथा गेहूं के बाद अब दलहन की भी खरीद एम एस पी दरों पर
7- 30 लाख लोगों को 2022 तक पक्के मकान
8- मेडिकल इंजिनियरिंग सहित तकनीकी शिक्षा को हिंदी भाषा में उपलब्ध कराएंगे
9- अगले दो सालों में निजी तथा कोम्फेड आधारित 15 दुग्ध प्रोसेसिंग उद्योग स्थापित करेंगे
10- मछलियों के उत्पादन में बिहार को देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे
11- एक हजार नए किसान उत्पाद संघों को आपस में जोड़कर राज्यभर के विशेष सफल उत्पाद, (जैसे- मक्का, फल, सब्जी, चूड़ा, मखाना, पान, मशाला, शहद, मेंथा, औषधीय पौधों के लिए सप्लाई चेन विकसित करेंगे) और 10 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

0 comments