किसान आंदोलन: मीडिया के सामने रो पड़े राकेश टिकैत, आंसुओं ने बदला माहौल, गाजीपुर बॉर्डर पर जुटने लगे देशभर के किसान; आधी रात सुरक्षाकर्मी हटे
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के आंसुओं ने गाजीपुर बॉर्डर पर माहौल को एकदम से बदल दिया। यहां देर रात से ही देशभर के किसान जुटने लगे। किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस फोर्स को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
राकेश टिकैत अपनी मांग पर अड़े रहे और उन्होंने भावुक होकर दो टूक कहा कि वह आत्महत्या कर लेंगे लेकिन आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। उनके इंटरव्यू के दौरान रोने का वीडियो भी सामने आया है, देखते ही देखते यह वीडियो पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई जिलों के गांवों में तेजी से फैलने लगा और किसानों ने उनका समर्थन करने का फैसला किया। देर रात में ही देशभर के कई किसान गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंच गए। किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रात में ही सुरक्षाबल वहां से जाने लगे। पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी रात में ही वहां से चले गए।
नरेश टिकैत ने अपने ट्वीट में लिखा, “चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के बेटे और मेरे छोटे भाई राकेश टिकैत के ये आँसू व्यर्थ नहीं जाएंगे। कल सुबह महापंचायत होगी और अब हम इस आंदोलन को निर्णायक स्थिति तक पहुंचा कर ही दम लेंगे।”

0 comments