राकेश टिकैत बोले- किसानों को बदनाम करने के लिए पंजाब में BJP विधायक अरुण नारंग को उन्हीं के लोगों ने पीटा
पंजाब के मलोट शहर में अबोहर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरुण नारंग के साथ मारपीट पर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने अपनी प्रतिक्रियां दी हैं। उन्होंने कहा कि, इस घटना में हमारे लोग शामिल नहीं थे। यह उनके लोगों द्वारा किसानों को बदनाम करने के लिए किया गया।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए राकेश टिकैत ने रविवार को कहा कि, “हमारे लोग इसमें (भाजपा विधायक के साथ मारपीट में) शामिल नहीं हैं। हमारे लोगों ने काले झंडे दिखाए, लेकिन इस घटना में शामिल नहीं थे। इसके विपरीत, यह उनके लोगों द्वारा किसानों को बदनाम करने के लिए किया गया था।”
शनिवार को पंजाब के मुक्तसर स्थित मलौट कस्बे में भाजपा विधायक अरुण नारंग के साथ गुस्साए किसानों ने मारपीट करते हुए उनके कपड़े उतार दिए थे। अरुण नारंग एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वहां पहुंचे हुए थे लेकिन पहले से ही मौजूद किसानों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उन्हें पूरी तरह निर्वस्त्र कर दिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी किसी तरह उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला। भाजपा विधायक के साथ अभद्रता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया है।
वहीं, इस मामले में पुलिस ने 250 से 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने धारा-307 यानी हत्या की साजिश समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। भाजपा विधायक की पिटाई का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने डीजीपी दिनकर गुप्ता को कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।

0 comments