राइजिंग कश्मीर के संपादक शुजात बुखारी की हत्या
श्रीनगर.जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार रात बाइक सवार उन तीन लोगों की तस्वीरें जारी कीं, जिन पर राइजिंग कश्मीर के संपादक शुजात बुखारी की हत्या करने का संदेह है। बुखारी की गुरुवार शाम आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी । लाल चौक के पास शाम 7.15 बजे हुए हमले में उनके 2 सुरक्षाकर्मियों की भी जान चली गई। एक नागरिक भी घायल हुआ है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह, जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर शोक जाहिर किया है। राजनाथ ने कहा- बुखारी निडर पत्रकार थे, उनकी हत्या करना एक कायरता है।
बाइक पर आए तीन आतंकियों ने किया हमला
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद ने कहा, "हमला इफ्तार के वक्त हुआ। बुखारी अपने प्रेस एन्क्लेव स्थित दफ्तर से बाहर निकले थे और कार में सवार होने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए 3 आतंकियों ने उन पर और सुरक्षाकर्मियों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।"
पुलिस ने बाद में इन तीन संदिग्धों की फोटो जारी की। सीसीटीवी फुटेज में ये तीनों बाइक पर हैं। एक हेलमेट पहने है और दो मुंह कवर किए हैं।
महबूबा बुखारी के परिवार से मिलीं
महबूबा मुफ्ती ने बुखारी के परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा, "ईद से एक दिन पहले आतंकियों का गंदा चेहरा सामने आया है। बुखारी की हत्या चौंकाने वाली घटना है। कुछ दिन पहले ही वे मुझसे मिलने आए थे।"
नेशनल कॉन्फ्रेंस लीडर उमर अब्दुल्ला ने कहा, "बुखारी ने अपना कर्तव्य निभाते हुए जान दी। उनकी हत्या कायराना हरकत है।"
राहुल ने कहा- बुखारी न्याय और शांति के लिए निडरता से लड़े
राहुल ने ट्वीट किया, "शुजात बुखारी की हत्या की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। वे काफी हिम्मत वाले थे। बुखारी जम्मू-कश्मीर में न्याय और शांति के लिए निडरता से लड़े।"
केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने ट्वीट किया, "ये शर्मनाक हरकत है। भारत में मीडिया स्वतंत्र है। केंद्र और राज्य सरकार मीडिया की स्वतंत्रता को लेकर प्रतिबद्ध हैं।"
रमजान में 3 गुना बढ़ गए हमले
रमजान के शुरुआती 27 दिन में आतंकी हमले तीन गुना बढ़ गए। इन 27 दिनों में 58 आतंकी हमले हुए, जबकि रमजान का महीना शुरू होने से पहले के 27 दिनों में 18 हमले हुए थे।

0 comments