पैगंबर टिप्पणी विवाद को लेकर कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन; 10 बड़ी बातें

Prophet Comment Row : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पूर्व नेता नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल द्वारा पैगंबर पर की गई टिप्पणियों को लेकर आज दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी विरोध प्रदर्शन किया गया. शुक्रवार की नमाज के बाद ये विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था.

नई दिल्ली: Prophet Comment Row : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पूर्व नेता नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल द्वारा पैगंबर पर की गई टिप्पणियों को लेकर आज दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी विरोध प्रदर्शन किया गया. शुक्रवार की नमाज के बाद ये विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था.

मामले से जुड़ी अहम जानकारियां :

  1. भारत की सबसे बड़ी मस्जिदों में से एक दिल्ली के जामा मस्जिद के बाहर जुमे की नवाज के बाद प्रदर्शनकारी जमा हुए और उन्होंने जमकर नारेबाजी की. सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों की डर से लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर ली. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया है.

  2. पूरे घटनाक्रम पर जामा मस्जिद के शाही इमाम ने कहा है कि मस्जिद की तरफ से विरोध प्रदर्शन का ऐलान नहीं किया गया था. उन्होंने एनडीटीवी से कहा, "हमें नहीं पता कि इसे किसने शुरू किया. कुछ लोगों ने जुमे की नमाज के बाद नारेबाजी की और बड़ी भीड़ जमा हो गई. वे जल्द ही तितर-बितर हो गए. अब सब कुछ ठीक है."

  3. पूरे घटनाक्रम पर दिल्ली पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि लोगों ने निलंबित भाजपा नेता नुपुर शर्मा और भाजपा से निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल के बयानों के खिलाफ जामा मस्जिद में विरोध प्रदर्शन किया. हमने वहां से लोगों को हटा दिया है. स्थिति अब नियंत्रण में है.

  4. यूपी के मुरादाबाद में नमाज पढ़ने के बाद नमाजियों ने नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल की गिरफ्तारी के लेकर जमकर प्रदर्शन किया. हालांकि अब वहां पर हालात काबू में हैं.

  5. प्रयागराज से भी पथराव और झड़प की खबरें आई हैं.  पिछले सप्ताह नमाज़ के बाद ही कानपुर में हिंसा हुई थी. ऐसे में डीएम और एसएसपी कल शाम से ही जनपद के अलग-अलग शहरों में गश्त पर थे. जिसके कारण तमाम कस्बों में शांतिपूर्ण तरीके से नमाज़ अदा की गई है.

  6. मथुरा में कान्हा की नगरी में नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट मोड़ पर है. ड्रोन से संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जा रही है. सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन के पुख्ता इंतजाम है.

  7. लखनऊ, कानपुर और फिरोजाबाद जैसे अन्य शहरों में पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है.

  8. बता दें कि बीजेपी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा (Nupur Sharma) को निलंबित कर दिया है. जबकि दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल (Naveen Kumar Jindal) को निष्कासित किया गया है.

  9. इस मामले में नुपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल दोनों नेताओं ने अपना बयान भी वापस ले लिया है. लेकिन ये विवाद बढ़ता ही जा रही है.  इतना ही नहीं इन दोनों नेताओं के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है.

  10. कल दिल्ली पुलिस ने कहा था कि उन्होंने नूपुर शर्मा, जिंदल और अन्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर "विभाजनकारी तर्ज पर लोगों को उकसाने" के लिए शिकायत दर्ज की है.  दिल्ली पुलिस के अनुसार उसने कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो कथित रूप से नफरत के संदेश फैला रहे हैं और विभिन्न समूहों को उकसा रहे हैं.  

 

0 comments

Leave a Reply