“महाराष्ट्र में अब देशभक्ति गुनाह हो गया है”: सचिन तेंदुलकर, लता मंगेशकर, विराट कोहली, अक्षय कुमार समेत अन्य हस्तियों के ट्वीट की जांच पर बोले केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर; BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराष्ट्र सरकार पर साधा निशाना
अमेरिकी सिंगर रिहाना, एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय शख्सियतों के ट्वीट पर सचिन तेंदुलकर, लता मंगेशकर, विराट कोहली, अक्षय कुमार आदि भारतीय हस्तियों के जवाब देने पर महाराष्ट्र सरकार के जांच कराने की कवायद पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि महाराष्ट्र में अब देशभक्ति गुनाह हो गई है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने ट्वीट कर कहा, “महाराष्ट्र में अब देशभक्ति गुनाह हो गया है। लता मंगेशकर, सचिन तेंदुलकर, अक्षय कुमार, अजय देवगन इत्यादि द्वारा भारत के पक्ष में दिए गए बयानों के कारण इन सभी की महाराष्ट्र सरकार जांच करेगी! यही है एफडीआई- फॉरेन डिस्ट्रक्टिव आइडियोलॉजी का प्रभाव।”
बता दें कि, किसान आंदोलन के मसले पर विदेशी हस्तियों के ट्वीट के बाद भारतीय हस्तियों ने उन्हें भारत के आंतरिक मामलों में दखल न करने की नसीहत देते हुए ट्वीट किया था। इस घटना के बाद सोमवार को महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि खुफिया एजेंसियां जांच करेंगी कि कहीं क्रिकेटरों और फिल्मी सितारों ने भाजपा के दबाव में तो ट्वीट नहीं किया।
देशमुख के इस बयान के बाद नड्डा ने ट्वीट कर शिवसेना नेतृत्व वाली सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में एमवीए (महाराष्ट्र विकास अघाड़ी) सरकार का शासन का अनोखा मॉडल है। विदेशों से आ रही अराजक आवाजों की सराहना कर रही है जो भारत की खराब छवि प्रस्तुत करती हैं लेकिन राष्ट्रभक्त भारतीयों को प्रताड़ित कर रही है जो देश हित में खड़े हुए हैं। यह निर्णय कर पाना मुश्किल है कि कौन ज्यादा दोषपूर्ण है-उनकी प्राथमिकताएं या उनकी मानसिकता।’’

0 comments