रायसेन में तृतीय चरण का पंचायत चुनाव कल:सांची तथा औबेदुल्लागंज जनपद में होगा मतदान, पढ़ें...पूरी खबर
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तृतीय चरण में जिले की जनपद सांची तथा औबेदुल्लागंज के ग्रामीण क्षेत्रों में को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। जिसको लेकर आज शहर के सागर मार्ग पर स्थित उत्कट बालक छात्रावास और कन्या परिसर से वाहनों द्वारा 1772 मतदान कर्मियों को चुनाव सामग्री देकर रवाना किया गया। तीन मतदान केंद्रों पर रोड खराब और कीचड़ होने के कारण ट्रैक्टर ट्राली से प्रशासन द्वारा मतदान सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द कुमार दुबे द्वारा विकासखण्ड सॉची तथा औबेदुल्लागंज के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी मतदाताओं से 08 जुलाई को मतदान केन्द्र जाकर मतदान करने की अपील की गई है। लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता के वोट का महत्व है, लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए सभी मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें।
मतदानकर्मी चुनाव सामग्री के साथ मतदान केन्द्रों के लिए हुए रवाना
मतदानकर्मियों को मतदान सम्पन्न कराने के लिए पुष्पहार पहनाकर निर्वाचन सामग्री के साथ वाहनों से मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। औबेदुल्लागंज विकासखण्ड में जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा की उपस्थिति में मतदान दलों को सामग्री वितरित की गई। उन्होंने मतदानकर्मियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए सुचारू रूप से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
सांची जनपद की 83 ग्राम पंचायतों में 239 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 129330 मतदाता हैं। इनमें 67668 पुरूष मतदाता, 61658 महिला मतदाता एवं चार अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार औबेदुल्लागंज जनपद की 71 ग्राम पंचायतों में बनाए गए 204 मतदान केन्द्रों में कुल 102629 मतदाता हैं। इनमें 53991 पुरूष मतदाता, 48267 महिला मतदाता एवं 11 अन्य मतदाता शामिल हैं।
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु मतपत्र से मतदान हो रहा है। इसके लिए मतदान दलों को मतपेटी और मतपत्र उपलब्ध कराए गए हैं। त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतपत्रों के अलग-अलग रंग निर्धारित हैं। पंच पद के लिए सफेद, सरपंच के लिए नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा।

0 comments