मालदीव में मंत्री शिउना समेत तीन सस्पेंड:PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी; भारत में #BoycottMaldives ट्रेंड कर रहा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाली महिला मंत्री मरियम शिउना को कैबिनेट से सस्पेंड कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिउना के अलावा दो नेताओं माल्शा और हसन जिहान को भी सस्पेंड किया गया है।
इस एक्शन के कुछ देर पहले मालदीव सरकार ने बयान जारी कर इस मामले पर सफाई दी थी। इसमें कहा गया था कि संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, इन नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के लक्षद्वीप दौरे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
मालदीव की सत्तारूढ़ प्रोग्रेसिव पार्टी ऑफ मालदीव (PPM) की मंत्री मरियम शिउना माल्शा, हसन जिहान और नेता जाहिद रमीज ने PM मोदी समेत भारतीयों का मजाक उड़ाया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर #BoycottMaldives ट्रेंड होने लगा।

मालदीव की मंत्री ने PM मोदी को आपत्तिजनक शब्द कहे
मंत्री मरियम शिउना ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में PM मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। वहीं, नेता जाहिद रमीज लिखा कि भारत सर्विस के मामले में हमसे कम्पीट नहीं कर सकता। मरियम यूथ एम्पावरमेंट, इन्फॉर्मेशन एंड आर्ट की डिप्टी मिनिस्टर हैं।
उनकी इस पोस्ट पर मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- मंत्री मरियम शिउना ने गलत शब्द कहे हैं। ये बात मालदीव की सुरक्षा और समृद्धि को खतरे में डाल सकती है। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की सरकार को ऐसी टिप्पणियों से दूरी बनानी चाहिए।

मालदीव के नेता ने लिखा- वहां सफाई नहीं, कमरों से बदबू आती है
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने PM मोदी का लक्षद्वीप वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा- बढ़िया कदम है! यह मालदीव की नई सरकार के लिए एक बड़ा झटका है, जो चीन की कठपुतली है। इस दौरे के बाद लक्षद्वीप में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके जवाब में PPM के नेता जाहिद रमीज ने लिखा- बेशक यह अच्छा कदम है, लेकिन भारत कभी हमारी बराबरी नहीं कर सकता है। मालदीव पर्यटकों को जो सर्विस देता है, वो भारत कैसे देगा। वो इतनी सफाई कैसे रख पाएंगे, जितनी हम रखते हैं। उनके कमरों में आने वाली बदबू टूरिस्टों के लिए सबसे बड़ी दिक्कत होगी।

सोशल मीडिया पर मालदीव का विरोध बढ़ा
नेता जाहिद रमीज की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भारतीयों और मालदीव के नागरिकों के बीच जंग छिड़ गई है। भारत के लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि देश में #BoycottMaldives ट्रेंड कर रहा है। लोग मालदीव का जमकर विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि PM मोदी के लक्षद्वीप दौरे से मालदीव के टूरिज्म को तगड़ा झटका जरूर लगने वाला है।
भारतीयों की तरफ से की जा रही पोस्ट्स पर एक नजर...



लोगों ने मालदीव की छुट्टियां कैंसिल की
भारतीय लाखों रुपए खर्च कर मालदीव में छुट्टियां मनाने के लिए जाते हैं। इसी से वहां की अर्थव्यवस्था चलती है। लोगों को रोजगार मिलता है। इसके बावजूद मालदीव के लोग भारत के खिलाफ बात कर रहे हैं और भारतीयों का मजाक उड़ा रहे हैं। इसके जवाब में कई भारतीयों ने मालदीव की छुट्टियां कैंसिल कर दी हैं।

बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी लक्षद्वीप की तारीफ कर रहे
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सितारे भी मालदीव के विरोध में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर रहे हैं। अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम, श्रद्धा कपूर ने लक्षद्वीप की तस्वीरें शेयर की हैं और लिखा है कि यहां छुट्टियां मनाने जरूर आएं। अक्षय कुमार ने लिखा- हैरानी की बात यह है कि मालदीव के लोग उस देश की बुराई कर रहे हैं, जहां से सबसे ज्यादा टूरिस्ट मालदीव पहुंचते हैं।



मालदीव सरकार की सफाई
प्रधानमंत्री मोदी पर मालदीव के दो मंत्रियों की टिप्पणी का भारत में जबरदस्त विरोध हो रहा है। इसके बाद मालदीव सरकार ने बयान जारी किया और विवाद शांत करने की कोशिश की। बयान के मुताबिक सोशल मीडिया पर विदेशी नेताओं और अहम लोगों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियों पर मालदीव सरकार की नजर है। यह कमेंट्स पर्सनल हैं और मालदीव सरकार का नजरिया नहीं हैं।
हमारी सरकार मानती है कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का हक है, लेकिन यह राय जिम्मेदारी से देनी चाहिए। इस तरह की बयानबाजी से नफरत या दुश्मनी नहीं फैलनी चाहिए। इससे मालदीव और दुनिया में उसके सहयोगियों के रिश्ते खराब नहीं होने चाहिए। हम ये भी साफ कर देना चाहते हैं कि इस तरह की अपमानजनक बयानबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में मालदीव सरकार कोई संकोच नहीं करेगी।
राष्ट्रपति मुइज्जू ने 'इंडिया आउट' का नारा दिया था
नए राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के सत्ता संभालने के बाद दोनों देशों के बीच खटास आई है। राष्ट्रपति मुइज्जू चीन समर्थक माने जाते है। वे अपने देश से भारतीय सैनिकों को निकालने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मालदीव में कथित भारतीय सेना की मौजूदगी के खिलाफ 'इंडिया आउट' का नारा दिया था और इसे लेकर कई प्रदर्शन भी हुए। मालदीव की नई सरकार को लगता है कि उनके देश में भारतीय सैनिकों की मौजूदगी संप्रभुता के लिए खतरा है।

0 comments