आज उत्तराखंड दौरे पर PM नरेंद्र मोदी, 35 PSA ऑक्सीजन प्लांट्स राष्ट्र को करेंगे समर्पित

पीएमओ ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी सामने आने के बाद भारत की चिकित्सीय ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से सक्रियता से किए गए प्रयासों का यह सबूत है.’’ पीएमओ ने कहा कि देश के सभी जिलों में पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र की स्थापना पहाड़ी, द्वीपीय और कठिन भू-भागों की जटिल चुनौतियों का सामना करते हुए की गई है.

नई दिल्ली: 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (बृहस्पतिवार) देश के 35 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) से स्थापित 35 प्रेशर स्विंग एडजॉर्प्शन (PSA) ऑक्सीजन संयंत्रों का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है. उद्घाटन समारोह उत्तराखंड के ऋषिकेष स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आयोजित किया गया है.

पीएम ने कल देर शाम ट्वीट में लिखा है, "मैं कल, 7 अक्टूबर को देवभूमि उत्तराखंड में रहूंगा. विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 35 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे. बड़े सार्वजनिक लाभ के लिए यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा ढांचा है."

  
इस अवसर पर प्रधानमंत्री वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे. पीएमओ ने बताया कि देश में अब तक कुल 1224 पीएसए ऑक्सीन संयंत्रों को पीएम केयर्स कोष से राशि उपलब्ध कराई गई है. इनमें से 1100 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों की स्थापना की जा चुकी है और इनसे 1750 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन प्रतिदिन उपलब्ध होगा.

पीएमओ ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी सामने आने के बाद भारत की चिकित्सीय ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से सक्रियता से किए गए प्रयासों का यह सबूत है.'' पीएमओ ने कहा कि देश के सभी जिलों में पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र की स्थापना पहाड़ी, द्वीपीय और कठिन भू-भागों की जटिल चुनौतियों का सामना करते हुए की गई है.

इन पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए 7000 से अधिक कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है. प्रौद्योगिकी की मदद से इन संयंत्रों की निगरानी भी की जाएगी. पीएमओ ने कहा कि इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहेंगे.

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश एम्स पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए एम्स प्रशासन और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि सभी व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए. उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल के साथ ही कोविड प्रोटकॉल का भी पूरा ध्यान रखा जाए.

इस दौरान मीडिया से बातचीत में धामी ने देश भर के ऑक्सीजन संयंत्रों का उद्घाटन करने के लिए ऋषिकेश को चुनने पर उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया. उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवभूमि से उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न ऑक्सीजन प्लांट्स का शुभारम्भ कर रहे हैं.''

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और इसी का परिणाम है कि उन्होंने प्रदेश को ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, उड़ान योजना से हवाई संपर्क को मजबूत करने समेत केदारनाथ पुनर्निर्माण की सौग़ात दी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी देव भूमि आते हैं तो हम सब को जनसेवा के कार्य करने की नई ऊर्जा मिलती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के विकास की लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा.

 

 

 

0 comments

Leave a Reply