अमेरिकी विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री से मिलकर बोले पीएम मोदी, भारत-यूएस संबंधों में शानदार प्रगति से हुई खुशी
भारत दौरे पर सोमवार को आए अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क टी. एस्पर और विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मुलाकात कर उन दोनों के साथ विस्तृत चर्चा की।
भारत और अमेरिका के बीच 2+2 वार्ता और दोनों देशों के सबंधों में शानदार प्रगति पर प्रधानमंत्री ने खुशी का इजहार किया।
प्रधानमंत्री ने इस बैठक के बाद कहा- "अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और रक्षा मंत्री मार्क टी. एस्पर के साथ बैठक कर खुशी हुई। भारत और अमेरिका के संबंधों में शानदार प्रगति और 2+2 वार्ता के नतीजे को देखकर खुश हूं। हमारी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी साझा सिद्धांतों, सामान्य रणनीतिक हित की दृढ़ नींव पर है।"
इधर, अमेरिकी विदेश विभाग के उप-प्रवक्ता काले ब्रॉन ने कहा- विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और भारतीय प्रधानमंत्री ने दोनों देशों, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और विश्व की सुरक्षा और समृद्धि को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका-भारत व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
ब्रॉन ने आगे कहा- विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और पीएम मोदी ने क्षेत्रीय और वैश्विक चिंता के कई मुद्दों पर चर्चा की, जिस पर यूएस और भारत सहयोग करते हैं। इनमें कोविड-19 के खिलाफ मुकाबला, सुरक्षा और रक्षा सहयोग और स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत में साझा हित शामिल हैं।
इससे पहले, भारत और अमेरिका के बीच 2+2 मंत्री स्तर की वार्ता के बाद संयुक्त बयान में पोम्पियो ने कहा- “गलवान हिंसा में शहीद हुए 20 जवानों समेत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की रक्षा के लिए कुर्बानी देने वाले भारतीय जवानों के सम्मान में हमने नेशनल वॉर मेमोरियल का दौरा किया। अमेरिका, भारत के साथ खड़ा होगा क्योंकि वे अपनी संप्रभुता, स्वतंत्रता के लिए खतरों का सामना कर रहे हैं।”

0 comments