पाकिस्तान पर है बातचीत के लिए अनुकूल माहौल बनाने की जिम्मेदारी: सरकार

नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) सरकार ने आज एक बार फिर स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के साथ आतंकवाद से मुक्त माहौल में ही कोई सार्थक बातचीत हो सकती है और ऐसा माहौल बनाने की जिम्मेदारी इस्लामाबाद की है। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से सीमापार आतंकवाद भारत के लिए चिंता का मुख्य कारण बना हुआ है। सिंह ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान का बार-बार आह्वान किया कि भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों के लिए अपने सरजमीं का इस्तेमाल नहीं होने देने के वादे पर अमल करे। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद, शत्रुता और हिंसा से मुक्त माहौल में ही कोई सार्थक बातचीत हो सकती है। इस तरह का अनुकूल माहौल बनाने की जिम्मेदारी पाकिस्तान पर है।’’ पड़ोसी देशों के भारतीय सीमा में अतिक्रमण से जुड़े प्रश्न के उत्तर में मंत्री कहा कि पाकिसतान ने जम्मू-कश्मीर में करीब 78,000 वर्गकिलोमीटर के क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने कहा कि चीन का 1962 से जम्मू-कश्मीर में 38,000 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र पर अवैध कब्जा है।

0 comments

Leave a Reply