पकिस्तान में जाधव की मां और पत्नी के साथ बदसलूकी की गई

भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव से पकिस्तान में उनकी मां और पत्नी की मुलाकात के दौरान पाकिस्तान के तौर-तरीकों पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भारत ने कहा कि मुलाकात के दौरान जाधव को मराठी में बात तक नहीं करने दी गई।

ये मुलाकात एक औपचारिकता ही रही, क्योंकि कुलभूषण और परिवार के बीच शीशे की दीवार थी. लेकिन अब और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. इस्लामाबाद में कुलभूषण के परिवार के साथ की गई बदसलूकी पर भारत ने पाकिस्तान को कड़ी लताड़ लगाई है.

मंगलवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने कुलभूषण जाधव मुद्दे पर प्रेस कांफ्रेंस की. MEA प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी अधिकारियों की तरफ से कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी के कपड़े बदलवाए गए, प्रेस को उनके करीब आने दिया. साथ ही कुलभूषण जाधव को उनके परिवार के साथ मराठी में बात भी नहीं करने दी गई.

रवीश कुमार ने बताया कि मुलाकात से पहले दोनों देशों के अधिकारी संपर्क में थे, सभी कुछ पहले ही तय कर दिया गया था. इसके बावजूद पाकिस्तान की ओर से मुलाकात की तय बातों का उल्लंघन किया गया. कुलभूषण के परिवार के पास पाकिस्तानी प्रेस को आने दिया गया, जो कि उनपर झूठे आरोप वाले सवाल दाग उन्हें परेशान कर रहे थे. जबकि दोनों देशों के बीच यह तय था कि मीडिया को पास आने नहीं दिया जाएगा.

0 comments

Leave a Reply