पाकिस्तान फौज के कई अफसर बर्खास्त:9 मई की हिंसा में इमरान समर्थकों की मदद का आरोप, पूर्व PM भी जल्द गिरफ्तार होंगे

पाकिस्तान की फौज ने एक लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अफसर समेत कई अफसरों को बर्खास्त कर दिया है। इन सभी का कोर्ट मार्शल भी किया जाएगा। फौज के मीडिया विंग के डायरेक्टर जनरल (DG-ISPR) अहमद शरीफ चौधरी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इन सभी अफसरों पर दो आरोप हैं। पहला- 9 मई को इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद फौज के ठिकानों पर खान समर्थकों ने जो हमले किए, उन्हें इन अफसरों ने नहीं रोका। दूसरा- शक है कि ये अफसर हिंसा की साजिश रचने वालों में भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि अब जल्द ही इमरान को भी गिरफ्तार करके उनके खिलाफ केस मिलिट्री कोर्ट में चलाया जाएगा। 9 मई की हिंसा में 11 लोग मारे गए थे। 283 घायल हुए थे।

यह तस्वीर 9 मई को इमरान को गिरफ्तार किए जाने के बाद की है। उन्हें अगले ही दिन सुप्रीम कोर्ट से बेल मिल गई थी। चीफ जस्टिस ने कोर्ट में उनको वेलकम भी किया था।
यह तस्वीर 9 मई को इमरान को गिरफ्तार किए जाने के बाद की है। उन्हें अगले ही दिन सुप्रीम कोर्ट से बेल मिल गई थी। चीफ जस्टिस ने कोर्ट में उनको वेलकम भी किया था।

पहले इस सख्त एक्शन की वजह जान लीजिए

  • 9 मई को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 60 अरब रुपए के अल कादिर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट स्कैम में गिरफ्तार किया गया था। एंटी करप्शन यूनिट ने यह गिरफ्तारी इस्लामाबाद हाईकोर्ट के स्कैन रूम से की थी।
  • गिरफ्तारी के फौरन बाद इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों ने देश के तमाम हिस्सों में मौजूद फौज के अहम ठिकानों, शहीदों के स्मारकों, वॉर मेमोरियल, हेडक्वार्टर और पाकिस्तान रेडियो के दफ्तरों पर हमले किए।
  • इस हिंसा के तमाम वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसके बाद शाहबाज शरीफ सरकार और फौज ने करीब 7 हजार खान समर्थकों को गिरफ्तार किया। क्रैक डाउन शुरू हुआ तो खान की पार्टी के तमाम बड़े नेताओं ने PTI छोड़ दी। अब खान अकेले पड़ चुके हैं।
  • इस बीच, फौज ने साफ कर दिया कि 9 मई की हिंसा की साजिश रचने वालों का ट्रायल मिलिट्री कोर्ट में होगा। इमरान और उनके समर्थक इससे घबराए हुए हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट और दूसरी अदालतों के कई जज इमरान समर्थक हैं और यही वजह है कि खान अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं।
  • अल कादिर ट्रस्ट केस में खान की पत्नी बुशरा बीबी और बुशरा की दोस्त फराह गोगी भी आरोपी हैं। गोगी पिछले साल अप्रैल में उसी दिन मुल्क से फरार हो गईं थीं, जिस दिन इमरान की सरकार गिरी थी।
इमरान की पत्नी बुशरा बीबी भी अल कादिर ट्रस्ट केस में आरोपी हैं। वो अब तक जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुई हैं। (फाइल)
इमरान की पत्नी बुशरा बीबी भी अल कादिर ट्रस्ट केस में आरोपी हैं। वो अब तक जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुई हैं। (फाइल)

फौज बोली- 9 मई पाकिस्तान के इतिहास का सबसे काला दिन
DG-ISPR ने कहा- दुश्मन 76 साल में पाकिस्तान का जो नुकसान नहीं कर पाए, वो 9 मई को घर में मौजूद लोगों ने कर दिया। अब इन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 9 मई पाकिस्तान के इतिहास का सबसे काला दिन था। इमरान की गिरफ्तारी पर कहा- सबूत जुटा लिए गए हैं। जांच अब भी जारी है। शहीदों को बेइज्जत किया गया है। एक्शन का इंतजार कीजिए।

ये तस्वीर पाकिस्तान-अमेरिकन खदीजा शाह की है। शाह एक पूर्व आर्मी जनरल की पोती हैं। 9 मई की हिंसा के मामले में खदीजा जेल में हैं। अमेरिका ने शाह के लिए कुछ दिन पहले कॉन्स्यूलर एक्सेस मांगा था। इस मंजूर कर लिया गया था। (फाइल)
ये तस्वीर पाकिस्तान-अमेरिकन खदीजा शाह की है। शाह एक पूर्व आर्मी जनरल की पोती हैं। 9 मई की हिंसा के मामले में खदीजा जेल में हैं। अमेरिका ने शाह के लिए कुछ दिन पहले कॉन्स्यूलर एक्सेस मांगा था। इस मंजूर कर लिया गया था। (फाइल)

60 अरब का स्कैम है अल-कादिर ट्रस्ट केस

  • सरकार के मुताबिक खान जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने लैंड माफिया मलिक रियाज को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाया। लंदन में उसके 40 अरब जब्त कराए। बाद में ये पैसा ब्रिटेन सरकार ने पाकिस्तान को सौंप दिया। इमरान ने यह जानकारी कैबिनेट को भी नहीं दी।
  • आरोप है कि यह पैसा एक सीक्रेट अकाउंट के जरिए इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के खाते में ट्रांसफर कराई गई।
  • इसके बाद इमरान ने अल कादिर ट्रस्ट बनाया। इसने मजहबी तालीम देने के लिए अल कादिर यूनिवर्सिटी बनाई। इसके लिए अरबों रुपए की जमीन मलिक रियाज ने दी। बुशरा बीबी को डायमंड रिंग भी गिफ्ट की। बदले में रियाज के तमाम केस खत्म कर दिए गए। उसे करोड़ों रुपए के सरकारी ठेके भी मिले।
  • होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने कहा- 50 अरब रुपए की चपत सरकारी खजाने को लगी। 13 महीने में एक बार भी इमरान या बुशरा पूछताछ के लिए नहीं आए। 4 साल बाद भी इस यूनिवर्सिटी में 32 स्टूडेंट्स ही हैं।
  • जियो न्यूज के मुताबिक, पूरे मामले को देखते हुए इमरान खान और उनकी पत्नी पर 1 हजार 955 करोड़ रुपए की घूस लेने का आरोप दर्ज किया गया।
9 मई की हिंसा में इमरान समर्थकों ने अपने बड़े नेताओं के उकसावे पर करोड़ों रुपए की सरकारी संपत्ति आग के हवाले कर दी थी।
9 मई की हिंसा में इमरान समर्थकों ने अपने बड़े नेताओं के उकसावे पर करोड़ों रुपए की सरकारी संपत्ति आग के हवाले कर दी थी।

पत्नी के ऑडियो लीक से फंसे इमरान

  • पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में पिछले साल मलिक रियाज और उसकी बेटी अम्बर के एक ऑडियो के बारे में खबरें छपी थीं। लीक हुआ ये वीडियो 2 मिनट 17 सेकेंड का था। इसमें रियाज और अम्बर बुशरा से लेनदेन और किसी फाइल को निपटाने की बातचीत कर रहे थे। इसमें अम्बर पिता को बताती हैं कि इमरान की पत्नी बुशरा बीबी 5 कैरेट हीरे की अंगूठी मांग रही हैं। इसके बदले वो इमरान से रियाज को ठेके दिलवा देंगीं और उनके खिलाफ केस भी खत्म करा देंगीं।
  • लीक हुए टेप में जो बातचीत थी, उसके मुताबिक अम्बर अपने पिता से कहती हैं- मेरी फराह गोगी से बातचीत हो गई है। वो कह रही हैं कि बुशरा बीबी को 3 नहीं बल्कि 5 कैरेट का डायमंड चाहिए। रिंग वो खुद बनवा लेंगीं, लेकिन उसका पेमेंट हमें करना होगा। बुशरा और फराह ने खान साहब से बात कर ली है। वो फौरन ठेके की सारी फाइलें ओके करा देंगे। इस पर मलिक रियाज कहता है- कोई दिक्कत नहीं। 5 कैरेट का डायमंड भेज देते हैं।
  • माना जाता है कि ठेकों की यह सौदेबाजी अल कादिर यूनिवर्सिटी की जमीन लेने के बाद हुई।

 

0 comments

Leave a Reply