पाकिस्तान चुनाव; नवाज बोले- हमारे पास जनादेश, सब साथ आएं:सबसे ज्यादा 90 सीटें इमरान समर्थक जीते; 19 शहरों में PTI का प्रदर्शन, एक की मौत
पाकिस्तान में नेशनल असेंबली और प्रांतीय चुनाव के लिए वोटिंग खत्म होने के बाद काउंटिंग जारी है। मतदान गुरुवार सुबह 8:30 बजे शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे तक चला। चुनाव आयोग ने 18 घंटे की देरी के बाद आधिकारिक नतीजे घोषित करना शुरू किए।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कुल 336 सीटें हैं। इनमें से 265 सीटों पर चुनाव हुए। एक सीट पर चुनाव टाल दिए गए हैं। बाकी सीटें रिजर्व हैं। सरकार बनाने के लिए 134 सीटों पर बहुमत होना जरूरी है। पाकिस्तान में मुख्य रूप से 3 पार्टियों के बीच मुकाबला है। इनमें पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N), पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने 265 में से 200 सीटों के नतीजे घोषित किए

लाइव अपडेट्स
PTI नेता और इमरान के करीबी असद कैसर ने कहा है कि उनकी पार्टी केंद्र के अलावा पंजाब प्रांत और खैबर पख्तूनख्वा में सरकार बनाने पर विचार कर रही है और इस पर आखिरी फैसला शनिवार 10 फरवरी 2024 को किया जाएगा। कैसर ने ये भी कहा कि पार्टी के इंटरनल इलेक्शन के बारे में चर्चा की जा रही है। इमरान को को तमाम अपडेट्स देने की कोशिश भी जारी है।
नेशनल असेंबली के पूर्व स्पीकर और इमरान के करीबी असद कैसर ने डॉन न्यूज से कहा- सच्चाई ये है कि नवाज शरीफ की पार्टी PML-N को लोगों ने रिजेक्ट कर दिया है। चुनाव में धांधली से कोई इनकार नहीं कर सकता। पीटीआई के खिलाफ सब थे, फिर भी हम चुनाव जीते हैं।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने पाकिस्तान के चुनाव पर रिएक्शन दिया। कहा- यह देखकर अफसोस हुआ कि इमरान खान और PTI से जीत छीन ली गई। चुनाव में धांधली हुई। जम्मू-कश्मीर के लोगों को यह 1987 में हुए चुनाव की याद दिलाता है, जब चुनाव में धांधली हुई थी।
‘जियो लाइव’ के मुताबिक- फौज के अहम ठिकानों और इलेक्शन कमीशन के ऑफिस समेत कुछ जगहों पर मिलिट्री कमांडो तैनात किए जाने की तैयारी है। इसकी वजह 9 मई 2023 जैसे हिंसा के हालात रोकना है।
नवाज ने अपने भाषण में पड़ोसी मुल्कों के साथ रिश्ते बेहतर करने की बात कही। उन्होंने कहा- हम पाकिस्तान को आगे ले जाना चाहते हैं और इसके लिए जरूरी है कि हमारे सभी मुल्कों से बेहतर रिश्ते हों। क्या आप भी यही नहीं चाहते? (समर्थकों से पूछा) क्या जंग से किसी मसले का हल निकाला जा सकता है? हमने सिर्फ केंद्र में नहीं बल्कि पंजाब प्रांत में भी जीत हासिल की है।
30 साल से कम उम्र के लोग मेरी पार्टी के रहनुमा हैं। यूथ ही हमारी ताकत है। शाहबाज शरीफ ने इनके लिए लैपटॉप का ऑर्डर कर दिया है। अस्पतालों में मुफ्त दवाइयां मिलेंगी। स्कॉलरशिप देंगे। एक बार साथ तो आइए ताकि मुस्तबिल (फ्यूचर) संवारा जा सके।
नवाज ने समर्थकों से कहा- मैं सबसे कह रहा हूं कि चलिए बैठिए, मुल्क को मुश्किल से निकाले। आप जानते हैं कि हमने मुल्क के लिए क्या किया है। हमने मुल्क की इकोनॉमी और हिफाजत के लिए क्या किया है?
उन्होंने कहा- ये आप जानते हैं। हमने मईसत यानी अर्थ व्यवस्था के लिए क्या किया है। ये भी आप जानते हैं। हम पाकिस्तान का दर्द अपने सीने में रखते हैं। आज हमें जो मेंडेट मिला है, आज सब पार्टियां मिलकर बैठें। और पाकिस्तान को भंवर से निकालें।
नवाज शरीफ लाहौर में अपनी पार्टी के दफ्तर में समर्थकों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सब पार्टियों के मैनडेट को एहतराम करते हैं। चाहे वो मैनडेट हो या फर्जीवाद हो। हम चाहते हैं कि सब पार्टियां हमारे साथ आएं और देश के लिए काम किए। नवाज ने कहा हमारी पार्टी PML-N सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ थोड़ी देर में समर्थकों को संबोधित करेंगे। वो कल शाम को ही विक्ट्री स्पीच देने वाले थे। इसके लिए सारी तैयारियां हो चुकी थी। हालांकि, जब इमरान के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मदीवारों को बढ़त मिलने लगी तो उन्होंने अपना कार्यक्रम टाल दिया।
आज समर्थकों को संबोधित करने के लिए नवाज के साथ उनकी बेटी मरियम नवाज भी साथ होंगी।


स्वात में PTI समर्थक नतीजे स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। यहां प्रदर्शन हो रहे हैं । इस बीच गोलीबारी में एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है। जबकि 8 से 10 लोग घायल हैं। वहीं PTI ने दावा किया है कि यहां 4 लोगों की मौत हुई है।
PMLN लाहौर की NA 130 सीट पर नवाज शरीफ की जीत का दावा कर रही है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अब तक यहां से आधिकारिक नतीजा घोषित नहीं किया है। PMLN ने इससे पहले मनसेहर सीट NA-15 से भी जीत का दावा किया था। लेकिन जब चुनाव आयोग ने नतीजे घोषित किए, तो नवाज यहां से हार गए।
पाकिस्तान में 8 फरवरी को वोटिंग खत्म होने के बाद शाम 5:30 बजे से ही गिनती शुरू हो गई थी। थोड़ी देर बाद ही रुझान और परिणाम भी घोषित होने लगे। हालांकि, इस दौरान बलूचिस्तान की 16 संसदीय सीटों में से एक पर भी नतीजा सामने नहीं आया।
वोट काउंटिंग शुरू होने के 24 घंटे बाद आज शाम 5:30 बजे करीब पहली सीट NA-265 पर नतीजा घोषित हुआ। यहां पश्तूनख्वा मिली अवामी पार्टी के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।
PMLN के पूर्व गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह फैसलाबाद सीट (NA-100) से हार गए हैं। उन्हें PTI समर्थक उम्मीदवार निसार जट ने 19 हजार से ज्यादा वोटों से हराया।
खैबर पखतूनख्वा के शांगला जिले में PML-N के आमेर मुकाम के जीतने के बाद वहां इमरान के समर्थक हिंसा कर रहे हैं। इस दौरान PTI के कार्यकर्ताओं ने एक सरकारी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।
PTI ने नतीजे स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। PTI ने दावा किया है कि पुलिस ने लोगों पर फायरिंग की। इसमें 3 घायल हुए हैं।
PTI ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर किया। पार्टी के कार्यकर्ता जनादेश चोरी होने के विरोध 19 शहरों के रिटर्निंग ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इमरान की पार्टी PTI ने दावा किया है कि पंजाब के प्रांतीय चुनाव में उन्हें दो-तिहाई सीटों पर बहुमत मिल गया है। PTI ने कहा- हमारे पास नतीजे आ चुके हैं। हम वहां सरकार जरूर बनाएंगे। हालांकि, पाकिस्तान के चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पंजाब के नतीजे दिखाई नहीं दे रहे हैं।

पंजाब के बहावलपुर में PTI कार्यकर्ता चुनाव आयोग के रिटर्निंग ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
दरअसल, PTI समर्थक नेता समीउल्लाह चौधरी ने दावा किया है कि वो चुनाव जीत गए थे, लेकिन फिर भी नतीजा घोषित नहीं किया गया। इसी के विरोध में PTI कार्यकर्ता 'मरियम के पापा चोर हैं', के नारे लगा रहे हैं।
पाकिस्तान में अब तक आए नतीजों में किसी भी पार्टी को बहुमत मिलता दिखाई नहीं दे रहा है। इस सियासी उठा-पटक बीच पाकिस्तान का स्टॉक एक्सचेंज शुक्रवार को 2 हजार पॉइंट नीचे गिर गया। एक दिन में स्टॉक मार्केट में 3.34% की गिरावट दर्ज की गई है।
गौहर ने कहा- अवाम को नहीं पता है कि इस वक्त मुल्क और हमारी खुफिया एजेंसी किन खतरों से निपट रहे हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अगर एक भी घटना होती है, तो हजारों जान चली जाती हैं। इससे बचने के लिए हम 12 घंटे की परेशानी झेल सकते हैं। चुनाव आयोग, पुलिस और सुरक्षाकर्मी अपना काम कर रहे हैं।
पाकिस्तान में केयरटेकर सरकार के इंटीरियर मिनिस्टर (गृह मंत्री) गौहर ऐजाज और सूचना मंत्री मुर्तजा सोलंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।

सूचना मंत्री ने कहा- वोटिंग के दौरान मुल्क में कहीं भी इंटरनेट या सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स बंद नहीं थे। भारत का नाम लिए बिना सोलंगी ने कहा- इंटरनेट सेवा हमारे पड़ोसी देश, अमेरिका और ब्रिटेन में बंद हो चुकी है, लेकिन यहां नहीं। किसी ने भी आतंकवाद से उतनी लड़ाई नहीं लड़ी, जितनी हम लड़ रहे हैं।
बलूचिस्तान में नेशनल असेंबली की 16 सीटें हैं। यहां 8 फरवरी को हुई वोटिंग के दौरान कई धमाके हुए थे। 2 बच्चों की मौत हुई थी।
22 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी यहां एक भी संसदीय सीट के नतीजे घोषित नहीं हुए हैं।
इमरान की पार्टी PTI के कार्यकर्ताओं के अलावा नवाज की पार्टी PML-N के कार्यकर्ताओं ने भी जल्द नतीजे घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
पाकिस्तान में चुनाव नतीजों के बीच राजधानी धारा 144 लागू हो गई है। दरअसल, देशभर के कई शहरों में PTI कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। वो जल्द नतीजे घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
PTI के चेयरमैन गौहर अली खान ने कहा है कि वो किसी पार्टी से गठबंधन के लिए संपर्क में नहीं हैं। गौहर ने जियो न्यूज से कहा- PTI नेशनल असेंबली की 150 सीटें जीतेगी। हम बहुमत हासिल करेंगे।
केंद्र में गठबंधन सरकार बनाने के लिए PPP और PML-N के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है क्योंकि प्रारंभिक परिणामों से पता चलता है कि स्वतंत्र उम्मीदवार चुनाव में आगे चल रहे हैं।

सिंध प्रांत की NA-215 सीट से PPP पार्टी के महेश मलानी ने जीत हासिल की है। महेश पहले ऐसे हिंदू हैं, जिन्होंने नेशनल असेंबली की सीट पर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्हेंने ग्रैंड डेमोक्रेटिक अलायंस (GDA) पार्टी के अरबाब गुलाम रहीम को 18,715 वोटों से हराया।
PML-N नेता और पाकिस्तान के पूर्व वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा कि आम चुनावों में जीत हासिल करने वाले निर्दलीय उम्मीदवार उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। पूर्व वित्त मंत्री ने जियो न्यूज से कहा- उन्होंने हमसे संपर्क किया है और वे अगले 72 घंटों में किसी न किसी पार्टी में शामिल होंगे।
इस्लामाबाद पुलिस इमरान खान की पार्टी PTI के 30 कार्यकर्ताओं पर के खिलाफ केस दर्ज किया है। FIR के मुताबिक, इनमें से 10-15 लोगों के पास हथियार थे। सभी एक सार्वजनिक बैठक की तैयारी कर रहे थे।
बिलावल के पिता आसिफ अली जरदारी ने शहीद बेनजीराबाद की NA-207 सीट पर जीत हासिल की है। उन्हें 1 लाख 46 हजार 989 वोट मिले।

उन्होंने PTI समर्थिक उम्मीदवार सरदार शेर मुहम्मद रिंद बलोच को 95,073 वोटों से हराया।
PML-N की उपाध्यक्ष और नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने दावा किया है कि गलत धारणा के बावजूद PML-N केंद्र और पंजाब में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है।
उन्होंने कहा- PML-N सुप्रीमो नवाज शरीफ फाइनल नतीजों की घोषणा होते ही विक्ट्री स्पीच (जीत के बाद भाषण) देंगे।

बिलावल भुट्टो शाहदादकोट की NA-196 सीट से जीत गए हैं। उन्हें 85, 370 वोट मिले। उन्होंने JUI-F के नसीर माहमूद को 50,871 वोटों से हराया।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की कैंडिडेट डॉक्टर सवीरा प्रकाश खैबर पख्तूनख्वा की बुनेर (PK-25) सीट पर हार गई हैं। उन्हें सिर्फ 1,754 वोट मिले।

चुनाव नतीजों में देरी के बीच इमरान खान की पार्टी PTI के समर्थक अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन कर रहे हैं। वो चुनाव आयोग के क्षेत्रीय दफ्तरों के बाहर धरना देने की प्लानिंग कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं की मांग है कि चुनाव आयोग जल्द से जल्द नतीजे घोषित करे। इस बीच पंजाब के वजीराबाद में भारी पुलिसबल तैनात है।
देर रात आए चुनाव के शुरुआती रुझानों में 100 से ज्यादा सीटों पर इमरान के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे थे। इसके बाद पाकिस्तान में चुनाव आयोग ने नतीजे जारी करने में देरी की।

इस बीच PTI के कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार जीत रहे हैं इसलिए नतीजों में देरी की जा रही है। उनका जनादेश चोरी किया जा रहा है। PTI के ओमारी अयूब के मुताबिक कई रिटर्निंग ऑफिसर्स के दफ्तरों में लगी स्क्रीन बंद कर दी गई है।

JUI-F चीफ मौलाना फजल-उर-रहमान खैबर पख्तूनख्वा की डेरा इस्माइल खान (NA-44) सीट से हार गए हैं। इस सीट से PTI समर्थक अली अमीन गंडापुर ने जीत दर्ज की। दोनों के बीच 33,109 वोटों का अंतर रहा।

नवाज शरीफ लाहौर की NA-130 सीट से जीत गए हैं। उनके खिलाफ PTI समर्थक यासमीन रशीद चुनाव लड़ रही थीं। दोनों के बीच 55,981 वोटों का अंतर रहा। देर रात तक इस सीट से यासमीन लीड कर रही थीं।

नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज लाहौर NA-119 सीट से जीत गई हैं। यहां से PTI समर्थक उम्मीदवार शहजाद फारूग हार गए।
9 मई को हुई हिंसा के बाद इमरान खान की पार्टी से अलग होकर अपनी पार्टी इश्तेखाम-ए-पाकिस्तान बनाने वाले जहांगीर खान तरीन पंजाब की NA 149 सीट से हार गए हैं।
इमरान खान की पार्टी PTI ने सोशल मीडिया पर नवाज शरीफ को लेकर तंज कसा है। PTI ने कहा- नवाज को हार मान लेनी चाहिए। पाकिस्तान उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगा। उनके पास एक लोकतांत्रिक के तौर पर जनता का कुछ भरोसा हासिल करने का यही मौका है। पाकिस्तान की अवाम दिनदहाड़े डकैती को हमेशा नकारती रहेगी।

बुनेर सीट से इमरान खान के वकील और PTI के चेयरमैन गौहर अली खान जीत गए हैं। इमरान के जेल जाने के बाद गौहर अली खान को 2 दिसंबर को PTI का चेयरमैन बना दिया गया था।
वहीं, शाहबाज शरीफ के बेटे लाहौर की हमजा NA-118 सीट से जीते हैं।
PML-N की मरियम औरंगजेब ने कहा- पंजाब प्रांत के साथ केंद्र में भी हमारी ही सरकार बनेगी। इसी के साथ जनसेवा का नया युग शुरू होगा। मोबाइल सर्विस और इंटरनेट सर्विस बंद है इसलिए रिजल्ट आने में देरी हो रही है। लेकिन PML-N की स्थिति मजबूत है।
पाकिस्तान की इंटीरियर मिनिस्ट्री का कहना है कि कम्युनिकेशन की कमी की वजह से रिजल्ट में देर से आ रहे हैं।
समा न्यूज के मुताबिक, PML-N के नवाज शरीफ मनसेहरा की NA-15 सीट से हार गए हैं। यहां निर्दलीय उम्मीदवार शहजादा गस्तासाप ने जीत हासिल की।
शहजादा गस्तासाप को 74,713 वोट मिले जबकि नवाज को 63,054 वोट मिले।
नवाज ने मनसेहरा और लाहौर सीट से नामांकन भरा था।
जियो न्यूज के मुताबिक, चुनावों के बीच अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करने में रुचि दिखाई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के डिप्टी स्पोक्सपर्सन वेदांत पटेल ने कहा कि हम पाकिस्तान की इलेक्शन प्रोसेस का समर्थन करते हैं और पाकिस्तान सरकार के साथ साझेदारी को बढ़ावा देने पर अपना ध्यान केंद्रित करते हैं।
इलेक्शन कमीशन के मुताबिक PTI समर्थित फजल मुहम्मद खान NA-25 चारसद्दा सीट पर जीत हासिल की है। इसके साथ इमरान खान की पार्टी PTI के समर्थित जीतने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या संख्या पांच हो गई है।
बिलावल भुट्टो की पार्टी PPP ने नेशनल असेंबली की तीसरी सीट जीत ली है।
इलेक्शन कमीशन के मुताबिक उम्मीदवार नजीर अहमद बुघियो ने लरकाना से NA-195 सीट जीती। उन्हें 1,33,830 वोट मिले।



इलेक्शन कमीशन ऑफ पाकिस्तान के मुताबिक, PTI समर्थित उम्मीदवार वसीम कादिर ने NA-121 लाहौर में 78,703 वोटों से जीत हासिल की।
पूर्व प्रधान मंत्री नवाज शरीफ की बेटी और PML-N की मरियम नवाज ने लाहौर में पंजाब विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र (PP -159) में जीत हासिल की। उन्हें 23,598 वोट मिले
डॉन न्यूज के मुताबिक PML-N के उम्मीदवार फैसल खान ने खैबर पख्तूनख्वा की PK-52 स्वाबी IV सीट पर जीत हासिल की है। उन्हें 42,269 वोट मिले।
इमरान की पार्टी PTI के समर्थन वाले तीसरे उम्मीदवार ने जीत दर्ज कर ली है। सलीम रहमान ने स्वात के NA-3 से 81,411 वोटों से जीत हासिल की है।
नवाज शरीफ की PML-N ने NA-55 और NA-58 सीट पर जीत दर्ज कर ली है। पाकिस्तान चुनाव आयोग के अनुसार, PML-N के अबरार अहमद ने NA-55 रावलपिंडी IV से 78,542 वोटों के साथ जीत हासिल की है, जबकि ताहिर इकबाल ने NA-58 चकवाल I से जीत हासिल की है।
फिलहाल, PML-N और PTI के समर्थन वाले निर्दलीय के खाते में दो-दो सीटें आई हैं।

पाकिस्तान चुनाव आयोग के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री और PML-N चीफ शाहबाज शरीफ लाहौर से NA 123 सीट से जीत गए हैं।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता महबूब अली खान बिजरानी ने PS-6 काशमोर III में जीत हासिल की है, जबकि अली नवाज खान महार ने PS-21 से जीत हासिल की है। पाकिस्तान चुनाव आयोग के अनुसार, PPP के एक अन्य उम्मीदवार सोहेल अनवर ने PS-12 लरकाना से जीत हासिल की। इससे पहले PPP उम्मीदवार सरदार मुहम्मद बख्श खान महार ने PS-20 घोटकी सीट जीत ली है।

शांदाना गुलजार के बाद PTI समर्थित उम्मीदवार अली खान जादून ने NA17 एबटाबाद सीट पर 97,177 वोटों के साथ जीत हासिल की है। इस तरह नेशनल असेंबली में अब तक इमरान के समर्थन वाले दो उम्मीदवार जीत गए हैं।
पाकिस्तान चुनाव आयोग ने पेशावर के NA-30 के अनौपचारिक रिजल्ट की घोषणा कर दी है। इसमें इमरान के समर्थन वाली उम्मीदवार शांदाना गुलजार को 78,971 वोटों के साथ विजेता घोषित किया गया है।
पेशावर की PK-77 सीट से PTI समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार शेर अली अफरीदी जीत गए हैं।
स्वात के PK-4 से PTI समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार अली शाह जीते हैं।
नतीजे जारी करने में देरी के आरोपों के बीच पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने अपना पहला रिजल्ट जारी किया है। आयोग ने पेशावल और स्वात की प्रांतीय सीटों PK-76 और PK-6 के नतीजे बताए हैं। इनमें PK-76 से इमरान के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवार समिउल्लाह खान आगे चल रहे हैं।
लाहौर के मॉडल टाउन में PML-N ने नवाज शरीफ की विक्ट्री स्पीच के लिए स्टेज बनाया था। हालांकि, शुरुआती रुझानों में हार के बाद उसे हटा लिया गया। नवाज भी मॉडल टाउन से चले गए हैं।
PTI के चेयरमैन गौहर रजा ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवार 150 से ज्यादा सीटों पर जीत रहे हैं। वीडियो जारी कर गौहर ने कहा है कि चुनाव आयोग को कानून के मुताबिक रात 2 बजे तक नतीजे जारी करने होते हैं।
पाकिस्तान में एकतरफ जहां चुनाव आयोग ने एक सीट पर भी शुरुआती रुझान जारी नहीं किया है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में इमरान समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार को 120 सीटों पर बढ़त बताई जा रही है।
इस बीच इमरान खान की पार्टी PTI के चेयरमैन गौहर अली खान ने दावा किया है कि पहली बार एक कैदी (इमरान) देश का प्रधानमंत्री बनेगा।
सिंध में खासकर कराची से चुनाव लड़ने वाली पार्टी MQM ने दावा किया है कि वो 19 सीटों पर आगे चल रहे हैं। MQM पाकिस्तान के चीफ खालिद मकबूल ने इसकी घोषणा के लिए कराची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
हालांकि, PPP के मुराद अली शाह ने कहा है कि वो सिंध में 10 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
खैबर के डेरा इस्माइल खान से मौलाना डीजल फिर से पीछे हो गए हैं। उनके खिलाफ इमरान समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार अली आमीन गंडापुर आगे हैं।
बिलावल भुट्टो ने शुरुआती नतीजों पर खुशी जाहिर की है। हालांकि, उन्होंने देरी से आ रहे नतीजों पर नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने लिखा कि हमारे कैंडिडेट्स और हमारे समर्थन वाले उम्मीदवारों को बढ़त मिली है। ये काफी उत्साहजनक है।

जियो न्यूज के मुताबिक लाहौर और इस्लामाबाद में चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर नतीजे नहीं बता रहे हैं। नतीजे देखने के लिए एक स्क्रीन लगाई गई थी, वो अभी तक चालू ही नहीं हो पाई है। पत्रकारों को रिटर्निंग ऑफिसर्स के दफ्तरों में नहीं जाने दिया जा रहा है।
एक रिटर्निंग ऑफिसर के मुताबिक नतीजे चुनाव आयोग भेज दिए गए हैं। वो ही नतीजों की घोषणा करेंगे।
रावलपिंडी समेत पाकिस्तान के कई शहरों में मोबाइल इंटरनेट सर्विस अब भी बहाल नहीं हो पाई हैं।
इमरान की पार्टी PTI के कार्यकर्ताओं ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार जीत रहे हैं इसलिए नतीजों में देरी की जा रही है। PTI के ओमारी अयूब के मुताबिक कई रिटर्निंग ऑफिसर्स के दफ्तरों में लगी स्क्रीन बंद कर दी गई है।
जमात-उलेमा-ए इस्लाम के चीफ मौलाना फजल-उर-रहमान डेरा इस्माइल खान में अपनी सीट पर फिर से लीड करने लगे हैं।


लाहौर से नेशनल असेंबली की सीट 127 पर बिलावल भुट्टो जरदारी नवाज की पार्टी पीएमएल-एन के कैंडिडेंट और पूर्व कानून मंत्री अता तरार के मुकाबले पिछड़ गए हैं। बिलावल को 7823 और तरार को 8632 वोट मिले हैं। वो पहले तरार से आगे चल रहे थे।
पाकिस्तान मिलिट्री के मीडिया विंग ISPR ने कुछ देर पहले एक बयान में लोगों को ‘लगभग शांतिपूर्ण’ मतदान के लिए बधाई दी। कहा- जनरल इलेक्शन में आर्म्ड फोर्सेस ने दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर अहम रोल अदा किया। इस दौरान एक लाख 37 हजार फौजी तैनात किए गए थे। चीफ इलेक्शन कमिश्नर सिकंदर सुल्तान रजा ने भी इसी तरह का बयान जारी कर लोगों का शुक्रिया अदा किया है।
पूर्व प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ लाहौर में NA-123 से अपनी सीट पर फिर आगे हो गए हैं। इससे पहले वो शाहबाज इमरान समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार से पीछे हो गए थे।
PML-N चीफ और प्रधानमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे नवाज शरीफ लाहौर सीट से पीछे हो गए हैं। आखिरी जानकारी के मुताबिक, नवाज को 1403 और यास्मिन राशिद को 1492 वोट मिल चुके हैं। यास्मिन इमरान की पार्टी PTI की मेंबर हैं और जेल से निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। वो 9 मई 2023 के हिंसा केस की अहम आरोपी हैं।
पाकिस्तान से भास्कर रिपोर्टर राणा माल्ही के मुताबिक- पाकिस्तान के तमाम न्यूज चैनलों की वेबसाइट्स ने इलेक्शन रिजल्ट टैली हटा दी है।
पाकिस्तान से भास्कर रिपोर्टर राणा माल्ही के मुताबिक- पाकिस्तान के तमाम न्यूज चैनलों की वेबसाइट्स ने इलेक्शन रिजल्ट टैली हटा दी है।
काउंटिंग के दौरान इमरान खान की पार्टी PTI का भी रिएक्शन आया। PTI ने सोशल मीडिया पर कहा- फासिस्ट सरकार ने लोगों को मतदान से रोकने के लिए हर हथकंडा अपनाया, इसके बावजूद अवाम ने हौसले और साहस से भारी वोटिंग की। उसने जुल्म करने वाली ताकतों को नकार दिया है। ये इमरान खान, PTI और पाकिस्तान की बड़ी जीत है।
पाकिस्तान की होम मिनिस्ट्री ने गुरुवार रात 8.30 बजे सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- मुल्क के कुछ हिस्सों में मोबाइल सर्विस बहाल की जा चुकी है। बहुत जल्द ये पूरे देश में बहाल हो जाएगी।
पाकिस्तान के कट्टरपंथी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (TLP) के चीफ मौलाना साद रिजवी नेशनल असेंबली की सीट नंबर 50 से आगे चल रहे हैं।
अब तक 265 में से 138 सीट के रुझान सामने आए हैं। इमरान की पार्टी के समर्थन वाले निर्दलीय 82 सीटों पर आगे हैं। 35 पर नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन और 17 पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के कैंडिडेट्स आगे है।
9 मई को हुई हिंसा के बाद इमरान खान की पार्टी से अलग होकर अपनी पार्टी इश्तेखाम-ए-पाकिस्तान बनाने वाले जहांगीर खान तरीन अपनी सीट से पीछे चल रहे हैं।

खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में शुरुआती रुझानों में सभी सीटों पर PTI के समर्थन वाले उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
बलूचिस्तान में एक बूथ के पीठासीन अधिकारी दावा किया है कि इलाके का SHO पोलिंग बूथ से 900 वोट उठाकर ले गया। उसने लिखित में शिकायत इस घटना की शिकायत भी की है।

सिंध में शहीद बेनजीराबाद सीट से पूर्व राष्ट्रपति और बिलावल भुट्टो के पिता आसिफ अली जरदारी आगे चल रहे हैं।
सियालकोट से पूर्व विदेश मंत्री और PML-N के नेता ख्वाजा मोहम्मद आसिफ लीड कर रहे हैं।

जियो न्यूज के मुताबिक, चुनावों के शुरुआती रुझानों में खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान से JUI-F के मौलाना फजल-उर-रहमान पीछे चल रहे हैं।
वहीं मुल्तान की NA-148 सीट से पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी आगे चल रहे हैं।

राजधानी इस्लामाबाद और लाहौर सहित पाकिस्तान के अलग-अलग शहरों में वोटिंग खत्म होने के बाद मतों की गिनती शुरू हुई।
पाकिस्तान में गुरुवार 8 फरवरी को नेशनल असेंबली की 265 सीटों पर चुनाव हुआ। इस दौरान खैबर पखतूनख्वा और बलूचिस्तान में धमाके हुए तो कराची में गोलीबारी हुई। इनमें 8 पुलिस वालों और 2 बच्चों की मौत हो गई। खैबर पखतूनख्वा के स्वाबी इलाके और पंजाब की NA-59 सीट पर महिलाओं को वोट नहीं डालने दिया। कई जगहों पर नकाबपोश बैलट बॉक्स छीनकर ले गए थे।

0 comments