विश्व पुस्तक मेला 2026: प्रगति मैदान में सजेगा किताबों का संसार, सारी एक्टिविटी होंगी फ्री
World Book Fair 2026: नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 10-18 जनवरी भारत मंडपम में होगा. इस बार का थीम “भारतीय सैन्य इतिहास: शौर्य एवं प्रज्ञा@75 है. इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे. प्रवेश व सभी गतिविधियां निशुल्क हैं.
नई दिल्ली: विश्व का सबसे बड़ा बी2सी पुस्तक मेला नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला अपने 53वें संस्करण के साथ राजधानी में फिर लौट रहा है. राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) और शिक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 10 से 18 जनवरी तक भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है. भारत व्यापार संवर्द्धन संगठन इसका सह-आयोजक है. नौ दिनों तक चलने वाले पुस्तक मेले में 35 से अधिक देशों के 1000 से अधिक प्रकाशकों के 3000 से ज्यादा स्टॉल शामिल होंगे. यहां 600 से अधिक आयोजनों में 1000 से ज्यादा वक्ता संवाद करेंगे.
20 लाख से ज्यादा लोग होंगे शामिल
20 लाख से अधिक लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना है. मेले का उदघाटन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे. उनके साथ कतर और स्पेन के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे. यह जानकारी कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अध्यक्ष प्रो.मिलिंद सुधाकर मराठे ने दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे किए हैं. अपनी सशस्त्र सेनाओं को नमन करते हुए इस बार के पुस्तक मेले की थीम “भारतीय सैन्य इतिहास : शौर्य एवं प्रज्ञा@75” रखी गई है.पहली बार पुस्तक मेला में प्रवेश सभी के लिए निशुल्क रखा गया है.
courtesy:hindi.news18.com

0 comments