वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसक्यूआर इलियास और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
नई दिल्ली: देश में हो रही लगातार गिरफ़्तारी के खिलाफ आवाज़ उठाने और जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनकी रिहाई की मांग को लेकर आज वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन होना था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसक्यूआर इलियास और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है.

वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसक्यूआर इलियास ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि ‘हमें नई दिल्ली के कालकाजी पुलिस स्टेशन में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जब हम तीस्ता सीतलवाड़, श्रीकुमार और जावेद मोहम्मद की गिरफ्तारी के विरोध में जंतर-मंतर पर वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित धरने में भाग लेने जा रहे थे. पुलिस ने अचानक अनुमति रद्द कर दी है.’
बता दें कि सोमवार शाम को ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
33 वर्षीय जुबैर को एक विशेष धार्मिक समुदाय की भावनाओं को आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

इसके अलावा गुजरात के पूर्व डीजीपी आरबी श्रीकुमार और एक्टिविस्ट तीस्ता शीतलवाड़ को रविवार को गिरफ्तार कर पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
वहीं दूसरी तरफ वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष एसक्यूआर इलियास और कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की है और जल्द से जल्द रिहा करने कि मांग की है.

0 comments