मंगल पर उतरे NASA के रोवर ‘पर्सवियरन्स’ ने भेजीं शानदार तस्वीरें, दिखीं अरबों साल पुरानी चट्टानें और...
नई दिल्ली:
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA का रोवर ‘पर्सवियरन्स' (Perseverance) शुक्रवार को लाल ग्रह की सतह पर सुरक्षित उतर गया. अब तक के सबसे जोखिम भरे और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण इस अभियान का उद्देश्य यह पता लगाना है कि मंगल ग्रह (Mars) पर क्या कभी जीवन था. मंगल ग्रह पर पहुंचे रोवर ने शुक्रवार को पहली बार कैमरे में कैद किया. रोवर द्वारा बनाए गए हाई रेशोलेशन वीडियो से कुछ तस्वीरें निकाली गई हैं. इन तस्वीरों में मंगल ग्रह की सतह दिखाई दे रही है. बता दें कि अमेरिका के फ्लोरिडा में केप केनावेरल अंतरिक्ष सेंटर से पिछले साल 30 जुलाई को मंगल ग्रह के लिए लिए इस अभियान की शुरुआत हुई थी.
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि धरती से 47.2 करोड़ किलोमीटर की यात्रा कर रोवर मंगल की सतह पर सुरक्षित तरीके से उतर गया. अभियान के तहत ग्रह से चट्टानों के टुकड़े भी लाने का प्रयास किया जाएगा जो मंगल ग्रह से जुड़े सवालों का जवाब खोजने में अहम साबित हो सकते हैं. रोवर के ट्विटर अकाउंट के जरिए लिखा कि जिस पल का हमारी टीम ने वर्षों तक सपना देखा था, वह अब सच हो चुका है. हमने हिम्मत से कर दिखाया.
‘पर्सविरन्स' नासा द्वारा भेजा गया अब तक का सबसे बड़ा रोवर है और 1970 के दशक के बाद से अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी का यह नौवां मंगल अभियान है. वैज्ञानिकों का मानना है कि अगर कभी मंगल ग्रह पर जीवन रहा भी था तो वह तीन से चार अरब साल पहले रहा होगा, तब ग्रह पर पानी बहता था. वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि रोवर से दर्शनशास्त्र, धर्मशास्त्र और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े एक मुख्य सवाल का जवाब मिल सकता है.

0 comments