मुजफ्फरनगर दंगा: मंत्री सुरेश राणा, विधायक संगीत सोम, साध्वी प्राची समेत 12 BJP नेताओं के खिलाफ केस वापस; भड़काऊ भाषण देने पर दर्ज हुआ था मुकदमा
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हुए दंगों के मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा और सरधना इलाके से भाजपा विधायक संगीत सोम, साध्वी प्राची समेत 12 नेताओं को राहत मिली है। इन सभी के खिलाफ कोर्ट ने मुकदमा वापस लेने की सहमति दे दी है।
मुजफ्फरनगर की एक स्थानीय अदालत ने 2013 में मुजफ्फरनगर में हुए दंगों के मामले में यूपी के मंत्री सुरेश राणा, भाजपा विधायक संगीत सोम, पूर्व भाजपा सांसद भारतेंदु सिंह और विहिप नेता साध्वी प्राची समेत 12 भाजपा नेताओं के खिलाफ हिंसा भड़काने का मामला वापस लेने की अनुमति दे दी है। विशेष न्यायालय के न्यायाधीश राम सुध सिंह ने सरकारी वकील को शुक्रवार को मामला वापस लेने की अनुमति दे दी।
सरकारी वकील ने अदालत में याचिका दायर की थी कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भाजपा नेताओं के खिलाफ अभियोग आगे नहीं बढ़ाने का जनहित में फैसला किया है और अदालत को इस मामले को वापस लेने की याचिका मंजूर करनी चाहिए।

0 comments