Weather News: माउंट आबू में न्यूनतम तापमान (-1.4) डिग्री से.

Weather News: माउंट आबू में न्यूनतम तापमान (-1.4) डिग्री से.

माउंट आबू | राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल माउंट आबू में आज दिन भर ठंड के कहर से जनजीवन प्रभावित रहा। सवेरे भीषण सर्दी ने लोगों को दिन चढने तक घरों में ही दुबके रहने को मजबूर कर दिया। न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दू से (-1.4) डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज करने से दांत किटकिटा देने वाली सर्दी से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्दी से बचाव को लेकर लोग सडकों के किनारों धूप सेंकने एवं आग तापने का का आनंद लेते रहे। व्यापारिक प्रतिष्ठान देरी से खुलने पर दैनिक क्रियाकलाप प्रभावित रहे। सवेरे शहर में छाया कोहरा सूरज उगने के बाद धीरे-धीरे छंट गया।

सवेरे खुले ग्राउंड, बाग-बगीचों में खिले फूलों, सोलर प्लेटों, रात को खुले में खड़े वाहनों की छतों, पेड़-पौधों के पतों, घास पर बर्फ की परत जमी देखी गई। दिन में आसमान साफ रहा लेकिन शीत लहर के चलते धूप का असर फीका रहा। सर्द हवा ने लोगों को भारी भरकम ऊनी कपड़ों में लिपटने को बाध्य कर दिया। शाम ढलते ही लोग जल्दी घरों व होटलों में दुबक गए।

ठिठुराती ठंड से निजात पाने को जगह-जगह चाय की चुस्कियां लेने का क्रम जारी रहा। ठंड के चलते दूरदराज उत्तरज, शेरगांव, अनादरा समेत विभिन्न गांव के ग्रामीणों को सब्जियां, दूध आदि शहर तक पहुंचने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ीं। सवेरे वाहनचालकों को वाहन स्टार्ट करने की जदोजहद में धक्का परेड करते देखा गया।

 

0 comments

Leave a Reply