25 राज्यों में दो दिन भारी बारिश का अनुमान:हिमाचल के मंडी में लैंडस्लाइड; चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर 10KM लंबा जाम 20 घंटे बाद खुला
मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि 48 घंटों में मध्यप्रदेश समेत 25 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।
उधर, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बारिश की वजह से पिछले 20 घंटे में लैंडस्लाइड की दूसरी घटना हुई। इस वजह से चंडीगढ़-मनाली NH-21 सात मील और चार मील के पास 20 घंटे बंद रहा।
इससे रूट पर 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंस गईं। 20 घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे का सिंगल लेन शुरू कर दिया गया।
वहीं, उत्तराखंड में भारी बारिश से बद्रीनाथ हाईवे बह गया है। CM पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि खराब मौसम की वजह से केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है।
इन 25 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल में आज और कल दो दिन भारी बारिश हो सकती है।

6 राज्यों में 22 लोगों की मौत
बीते दिन देशभर में हुई बारिश से 6 राज्यों में 22 लोगों की जान गई है। हिमाचल में बाढ़ की वजह से 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 घायल हुए हैं। वहीं, राजस्थान में बिजली गिरने के अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की जान गई।
मुंबई में दो इमारतों का हिस्सा गिरने से 6 लोगों की मौत हुई, जबकि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बिजली के खंभे से करंट लगने से एक महिला की जान चली गई। उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश के चलते तीन लोगों की मौत की खबर है। जबकि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई।
खराब मौसम के चलते इंडिगो का प्लेन दो बार पाकिस्तानी एयर स्पेस में पहुंचा
खराब मौसम के चलते श्रीनगर से जम्मू के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट दो बार पाकिस्तान सीमा में जा पहुंची। बाद में इस फ्लाइट की अमृतसर में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। फ्लाइट ने दो बार में लगभग 15 मिनट पाक एयरस्पेस में बिताए। पूरी खबर यहां पढ़ें...
अलग-अलग राज्यों से मानसून की 10 तस्वीरें...












राज्यों का हाल जान लीजिए...
मध्यप्रदेश: उमरिया में 9 घंटे में 5 इंच पानी गिरा,भोपाल, इंदौर, जबलपुर में भी तेज बारिश; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद से लगातार बारिश हो रही है। उमरिया में सोमवार को 9 घंटे में 5 इंच से ज्यादा पानी बरस गया। जबकि मंडला में ढाई इंच बारिश हुई। भोपाल, जबलपुर, दमोह, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, सिवनी, छतरपुर, सागर, खंडवा, धार, रायसेन, छिंदवाड़ा, सतना, बैतूल और भोपाल जिले में भी बारिश का दौर जारी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
हिमाचल प्रदेश: लैंड स्लाइड से 301 सड़कें बंद, चंडीगढ़-मनाली NH 22 घंटे बाद खुला; 30 जून तक बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एंट्री के साथ ही तबाही मचाना शुरू कर दी है। लैंडस्लाइड के कारण 2 नेशनल हाईवे सहित 301 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई। चंडीगढ़-मनाली NH-21 सात मील और चार मील के पास लगभग 22 घंटे बाद ट्रैफिक के लिए फिर खुल गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
राजस्थान: जयपुर, सीकर समेत 18 जिलों में बारिश, कोटा में 5 इंच से ज्यादा बरसात, बाइक-स्कूटी बही

राजस्थान में मानसून के आने के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। उदयपुर, कोटा, बीकानेर, जयपुर संभाग के 18 से ज्यादा जिलों में 1 से 5 इंच तक पानी बरसा। गंगानगर में शहर में जगह-जगह पानी भर गया। जयपुर में भी सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में मानसून की बारिश के कारण जगह-जगह बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से पाली, चित्तौड़गढ़ में 1-1 और बारां में 2 की मौत हो गई। सड़कों और खेतों में पानी भर गया। पूरी खबर यहां पढ़ें ...
उत्तर प्रदेश: लखनऊ, झांसी और सहारनपुर में हुई तेज बारिश, मेरठ में गंगा पुल की एप्रोच रोड बहा

यूपी में के लखनऊ में सोमवार को कई इलाकों में तेज बारिश हुई। झांसी और सहारनपुर में भी बारिश हुई है। मेरठ में हस्तिनापुर-बिजनौर को जोड़ने वाला गंगा पुल की एप्रोच रोड बारिश में बह गया। वहीं दो दिन की बारिश में गाजियाबाद पानी-पानी हो गया है।अयोध्या में भारी बारिश के चलते दीवार गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...
पंजाब: समय से पहले पहुंचा मानसून, 5 दिन बारिश का अलर्ट

पंजाब में मानसून समय से चार दिन पहले ही पहुंच गया। 26 जून को जारी मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार माझा, दुआबा व पूर्वी मालवा तक मानसून पहुंच गया है। मंगलवार तक यह पूरे पंजाब को कवर कर लेगा। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन येलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
गुजरात: वलसाड के उमरगाम में सबसे ज्यादा 6 इंच बारिश, पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना

करीब 10 दिनों की देरी के बाद आखिरकार रविवार को मानसून ने गुजरात में दस्तक दे दी। मौसम विभाग ने सोमवार से लेकर आगामी पांच दिनों तक राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। पिछले दो दिनों से पूरे राज्य में बरसाती माहौल है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
बिहार: पटना-मुंगेर समेत 5 जिलों में बारिश,17 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट; औरंगाबाद और रोहतास सबसे गर्म

बिहार में अब भी झमाझम बारिश का इंतजार है। पटना, मुंगेर, गया, जमुई और समस्तीपुर में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने लखीसराय, नालंदा समेत 17 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इन सभी जिलों में बादल छाए हुए हैं।

0 comments