मौलाना उमरी के बयान पर मचे कोहराम पर जमात ए इस्लामी की सफाई
चुनाव का माहौल है इसलिए हर चीज़ एक खास तराज़ू में तोली और देखी जा रही है। मौक़ा था जमात ए इस्लामी की मसिक प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिसमें मुस्लिम नौजवानों की बेजा क़ैद और गिरफ्तारियों से लेकर रोज़गार, मुल्क के आर्थिक हालात पर तफसीली बातचीत हुई। इसी दौरान गुजरात चुनाव पर ‘आज तक’ के पत्रकार के सवाल पर जमात के अध्यक्ष मौलाना जलालुद्दीन उमरी के जवाब को तोड़ मरोड़ कर और गलत तरीके से पेश किया गया। एक तरह की सनसनी फैलाने की कोशिश की गई है। यह कहना है जमात ए इस्लामी के जनसंपर्क अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता नदीम खान का।
नदीम खान आगे कहते हैं कि आज तक न्यूज़ वेबसाइट ने गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर मुस्लिम संगठन जमाअत ए इस्लामी हिंद की ओर से सरासर गलत बयान जारी किया है।
उक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष सैयद जलालुद्दीन उमरी कर रहे थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आज तक के पत्रकार ने उमरी साहब से एक सवाल किया कि गुजरात विधानसभा चुनाव के बारे में उनका क्या कहना है।
नदीम खान का कहना है कि उमरी साहब ने इसके जवाब में कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में अभी समय है, फिलहाल स्थिति साफ नहीं है। नदीम खान के कहते हैं कि उमरी साहब ने कहा कि गुजरात में तीनों लड़के अल्पेश ठाकुर, हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवानी काफी मेहनत कर रहे हैं और राहुल गांधी भी मेहनत से जुटे हुए हैं लेकिन ओपिनियन पोल भाजपा को जीता हुआ दिखा रहे हैं।
नदीम खान का कहना है कि आज तक ने मौलाना उमरी के इस वाक्या ‘ओपीनियन पोल भाजपा को जीता हुआ बता रहे हैं’, को यह कहकर प्रचारित किया कि मौलाना ने कहा है कि ‘गुजरात में भाजपा जीत रही है।‘
यही नहीं वेबसाइट ने यह भी लिखा कि मौलाना उमरी का कहना है कि कांग्रेस स्वार्थ और हिंदुतत्व की राजनीति कर रही है जबकि मौलाना ने ऐसी कोई बात कही ही नहीं। नदीम खान का कहना है कि न्यूज़ वेबसाइट ने मौलाना उमरी के बयानों को न केवल तोड़ मरोड़ कर पेश किया है बल्कि सरासर वो बातें उनके हवाले से लिखी हैं जो उन्होंने कही ही नहीं हैं।
साभार: Democracia.in

0 comments