मणिपुर के मोरेह में सुरक्षाबलों पर हमला, 3 की मौत:उपद्रवियों ने पुलिस चौकी पर बम फेंके, राज्य सरकार ने केंद्र से हेलिकॉप्टर मांगे

मणिपुर के मोरेह इलाके में बुधवार (17 जनवरी) की सुबह उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों की गाड़ी पर हमला कर दिया। इसमें दो जवानों की मौत हो गई। इसके अलावा एक कुकी समुदाय की महिला की जान चली गई। हमलावर कुकी समुदाय के ही जा रहे हैं। हमले में 3 जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह मोरेह में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच तीन अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ हुई। उपद्रवियों ने मोरेह SBI के पास सुरक्षाबलों की एक चौकी पर बम फेंके और गोलीबारी की। उग्रवादियों ने अस्थायी कमांडो पोस्ट पर गोले भी दागे, जिससे आसपास खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल तेंगनौपाल जिले में कर्फ्यू लगा है।

मोरह में लगातार जारी हिंसा को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र से मदद मांगी है। कमिश्नर होम टी रंजीत सिंह ने मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के एडिशनल सेक्रेट्री को लेटर लिखा है। उन्होंने कहा कि यहां हालात बिगड़ते जा रहे हैं। किसी भी वक्त मेडिकल इमरजेंसी बढ़ सकती है। इसलिए हेलिकॉप्टर दिए जाएं।

ये तस्वीर मोरह की है। उग्रवादियों ने कई जगहों पर बम दागे।
ये तस्वीर मोरह की है। उग्रवादियों ने कई जगहों पर बम दागे।

मोरेह में हिंसा क्यों हो रही है …

1. SDPO की हत्या में हुई गिरफ्तारियों का विरोध
पुलिस के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में मोरेह के SDPO रहे आनंद सिंह चौधरी की हत्या कर दी गई थी। 15 जनवरी को इस मामले में दो संदिग्ध फिलिप खोंगसाई और हेमोखोलाल मटे को गिरफ्तार किया गया। इनकी गिरफ्तारी का स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं।

2. कई संगठन भी विरोध में आए
दोनों आरोपियों को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। इनके पास से एक पिस्तौल, एक चीनी हथगोला, दस जिंदा कारतूस और दस डेटोनेटर जब्त किए गए थे। स्थानीय लोगों ने इन दोनों की रिहाई की मांग करते हुए मोरेह पुलिस स्टेशन के सामने विरोध प्रदर्शन भी किया था।

कुकी इनपी तेंगनौपाल (KIT), चुराचांदपुर जिला स्थित इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (ITLF) और कांगपोकपी जिला स्थित कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (COTU) ने दोनों की गिरफ्तारी का विरोध किया है। सभी का कहना है कि इन दोनों का SDOP आनंद सिंह की हत्या से कोई संबंध नहीं है।

मोरह में घायल हुए सुरक्षाकर्मी को इम्फाल के RIMS में भर्ती कराया गया है।
मोरह में घायल हुए सुरक्षाकर्मी को इम्फाल के RIMS में भर्ती कराया गया है।

मणिपुर हथियार लूट मामले में CBI ने चार्जशीट दाखिल की
केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने 4 मई 2023 में मणिपुर पुलिसकर्मियों से हथियार और गोला-बारूद लूटने के मामले में बुधवार (17 जनवरी) को 5 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

CBI के मुताबिक, गुवाहाटी के कामरूप (मेट्रो) चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने चार्जशीट पेश की गई। उन्होंने आगे कहा कि सीबीआई ने जून 2023 में यह मामला मणिपुर पुलिस (इंफाल पूर्व में हिंगांग पुलिस स्टेशन) से अपने हाथ में लिया था।

मणिपुर में अब तक 200 से ज्यादा मौतें, 1100 घायल
राज्य में 3 मई से कुकी और मैतेई के बीच जारी जातीय हिंसा में 200 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राज्य में अब तक 65 हजार से अधिक लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। 6 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

 

0 comments

Leave a Reply