मनी लॉन्ड्रिंग केस में लालू यादव की बेटी मीसा भारती के खिलाफ ED ने चार्जशीट फाइल की
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं. आज दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय ने उनकी बेटी मीसा भारती व उनके पति के खिलाफ चार्जशीच फाइल कर दी है. ED पहले भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राज्यसभा सांसद मीसा भारती के ठिकानों पर छापे मार चुकी है.
बता दें कि इससे पहले 1 हजार करोड़ रुपये की कथित बेनामी संपत्ति की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने मीसा के दिल्ली समेत संपत्ति के 3 ठिकानों पर छापेमारी की थी. जिसके बाद मीसा भारती व उनके पति शैलेष कुमार आयकर विभाग के सामने पेश हुए थे.
गौरतलब है कि इसी साल सितंबर में प्रवर्तन निदेशालय ने मीसा भारती के दिल्ली के पास बिजवासन स्थित फार्म हाउस को जब्त किया था. ईडी का आरोप था कि मीसा और उनके पति शैलेष ने 2008-2009 में हवाला के जरिए 1.2 करोड़ रुपये में दक्षिणी दिल्ली के पालम के बिजवासन में फॉर्म हाउस खरीदा था. मालूम हो कि ईडी की टीम ने रेलवे टेंडर घोटाले से जुड़े मामले में राबड़ी देवी से पटना स्थित कार्यालय में लगभग 6 घंटे तक पूछताछ की थी. ईडी ने 8 जुलाई को भी मीसा भारती और उनके पति शैलेष के दिल्ली स्थित ठिकानों पर छापे मारे थे. अफसरों ने शैलेष के करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी.

0 comments