मैक्स अस्पताल मामला : पुलिस को डीएमसी रिपोर्ट का इंतजार

नयी दिल्ली: छह जनवरी भाषा दिल्ली पुलिस यहां के एक निजी अस्पताल में एक नवजात शिशु को गलती से मृत घोषित किए जाने के मामले की अपनी जांच तभी आगे बढ़ाएगी, जब उसे इस विषय में चिकित्सीय लापरवाही होने या ना होने पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल डीएमसी से जवाब मिल जाएगा। डीएमसी को मैक्स हॉस्पिटल, शालीमार बाग के नौ डॉक्टरों और दो नर्सों का जवाब मिल गया है। इस मामले के सिलसिले में कथित चिकित्सीय लापरवाही बरतने को लेकर पिछले महीने इन लोगों को नोटिस जारी किया गया था। डीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें जवाब प्राप्त हो गया है और इसे इसकी कार्यकारी कमेटी के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि कमेटी एक विशेषग्य समिति गठित करेगी जो इस विषय में एक रिपोर्ट बनाएगी। विशेषग्य समिति गठित करेगी उसमें शिशु और प्रसूति रोग विभाग के विशेषग्य शामिल होंगे। जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस विषय में डीएमसी की रिपोर्ट मिलने के बाद ही वे अपनी जांच आगे बढ़ाएंगे। डीएमसी ने 20 दिसंबर को नोटिस भेजा था और 15 दिनों के अंदर जवाब मांगा था। यह मामला एक शिशु को 30 नवंबर को उसके जन्म के बाद गलती से मृत घोषित किए जाने का है। एक हफ्ते बाद शिशु की पीतमपुरा स्थित एक नर्सिंग होम में मौत हो गई थी।

0 comments

Leave a Reply