ललन सिंह बने JDU के नए अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया फैसला
नई दिल्ली:
जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह (Rajeev Ranjan Singh Lalan Singh) शनिवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए. सूत्रों ने यह जानकारी दी. ललन सिंह ने आर सी पी सिंह की जगह ली है. आर सी पी सिंह ने केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनने के बाद जद(यू) अध्यक्ष पद से हटने की पेशकश की थी. बिहार में मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से सांसद ललन सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र माने जाते हैं.
इससे पहले जद(यू) के एक बयान में बुधवार को कहा गया था कि संगठन से जुड़े मुद्दे, सदस्यता अभियान, मौजूदा राजनीतिक मुद्दे और आगामी विधानसभा चुनाव बैठक के लिए मुख्य विषय हैं. पार्टी का चेहरा एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आर सी पी सिंह, पार्टी के सभी सांसद, राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रदेश इकाई प्रमुख सहित अन्य नेता बैठक में शामिल होंगे.
ये कयास लगाये जा रहे थे कि सिंह केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद अब पार्टी का अध्यक्ष पद छोड़ सकते हैं. जद(यू) में नेतृत्व परिवर्तन होने की सूरत में पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को उनके संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है. यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है जब क्षेत्रीय दलों के भारतीय जनता पार्टी के साथ संबंध सहज नहीं है. हाल ही में, जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून लाने पर भाजपा शासित राज्यों के कुछ मुख्यमंत्रियों के जोर देने पर कुमार ने अपनी आपत्ति जताते हुए कहा था कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना एक बेहतर विकल्प है.

0 comments