लगता है चुनाव आयोग की शक्तियां वापस आ गई- SC

|

चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवारों द्वारा जाती / धर्म के नाम पर वोट मांगने के मामले में आज चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि हमने ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि लगता है कि चुनाव आयोग को उसका अधिकार वापस मिल गया है। सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग ने बताया कि हमने योगी आदित्यनाथ, मायावती, आजमखान जैसे कई नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। CJI ने चुनाव आयोग की कार्रवाई पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा कि लगता है, चुनाव आयोग को उनकी शक्तियां वापस मिल गई हैं। ऐसी स्थिति में कोर्ट को किसी भी अंतरिम आदेश की जरूरत नहीं है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने बीएसपी सुप्रीमों मायावती पर चुनाव आयोग द्वारा लगाया गया 48 घंटे का बैन हटाने से इंकार कर दिया है। वरिष्ठ वकील दुष्यंत दवे ने कहा की चुनाव आयोग ने बिना मायावती को अपना पक्ष रखने का मौका दिए एकतरफा कार्रवाई करते हुए उनके चुनाव प्रचार पर 48 घंटे की रोक लगा दी है इस आदेश को रद्द किया जाना चाहिए। इस पर सीजेआई ने कहा हमे नहीं लगता कि इसमे कोई आदेश दिया जाना चाहिए। यह कहते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मायावती की मांग खारिज कर दी। बता दें कि सोमवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से पूछा था कि धार्मिक आधार पर वोटिंग का बयान देने वाली मायावती ने नोटिस का जवाब नहीं दिया, आपने क्या किया? चुनाव आयोग ने अपने जवाब में कहा था कि हमारी शक्तियां सीमित है।कोर्ट ने चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया था।दरअसल, जाति और धर्म को लेकर राजनेताओं और पार्टी प्रवक्ताओं के आपत्तिजनक बयानों पर राजनीतिक पार्टियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर जनहित याचिका दायर की गई थी।

0 comments

Leave a Reply