उन्नाव हत्याकांड पर जिग्नेश मेवाणी बोले- आरोपियों की गिरफ्तारी तक दलित बहनों की लाश न लें
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की घटना ने एक बार फिर से सबको शर्मसार कर दिया है। जिले के असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव में बुधवार रात तीन नाबालिग दलित लड़कियां खेत में दुपट्टे से बंधी पड़ी मिलीं। इनमें दो लड़कियों की मौत हो चुकी थी जबकि तीसरी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। गुजरात के बडगाम से विधायक जिग्नेश मेवाणी ने योगी सरकार को निशाने पर लिया है।
जिग्नेश ने ट्विटर पर एक संदेश जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी लोगों से मेरी अपील है की जब तक उन्नाव की दुर्घटना की पीड़ित बहनों के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनकी लाश का स्वीकार न करें, न्याय के लिए दबाव बनाएं। एक बहन की अच्छे से अच्छे अस्पताल में चिकित्सा की जाए।
कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती लड़की का सीटी स्कैन कराया गया है। लड़की को भी होश नहीं आया है। उधर, लड़की की मां का कहना है कि लड़कियों के हाथ-पांव नहीं बंधे हुए थे और कपड़े भी ठीक थे। हां, उनके मुंह से झाग निकल रहा था। उनको खेत से उना हॉस्पिटल लाया गया, जहां दो की मौत हो गई।

0 comments