एजे के दम पर जमशेदपुर ने बेंगलुरु को 1-0 से हराया

एजे के दम पर जमशेदपुर ने बेंगलुरु को 1-0 से हराया

फातोरदा | नाइजीरियन डिफेंडर स्टीफन एजे के हेडर के जरिए किए गए सीजन के तीसरे गोल और अपने गोलकीपर के कुछ शानदार बचाव के दम पर जमशेदपुर एफसी ने सोमवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में बेंगलुरु एफसी को 1-0 से हरा दिया।

जमशेदपुर की हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सातवें सीजन में नौ मैचों में यह तीसरी जीत है। टीम के अब 13 अंक हो गए हैं और वह तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। पूर्व चैम्पियन बेंगलुरु को आठ मैचों में दूसरी हार का मुंह देखना पड़ा है। टीम 12 अंकों के साथ तालिका में चौथे नंबर खिसक गई है।

मैच के शुरुआती 20 मिनटों तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के गोलकीपर का इम्तिहान लिया। बेंगलुरु के लिए इस मैच में वापसी कर रहे क्रिस्टियन ओप्सेथ ने तीसरे, कप्तान सुनील छेत्री 11वें और 19वें मिनट में जमशेदपुर के नेरिजुस व्लास्किस ने जरूर मूव बनाए, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

32वें मिनट में मैच का पहला पीला कार्ड बेंगलुरु के सुरेश सिंह के खिलाफ आया। अगले ही मिनट में जमशेदपुर के गोलकीपर टीपी रहेनेश ने डबल सेव करते हुए बेंगलुरु को लीड लेने से रोके रखा। इसके बाद 44वें मिनट में जमशेदपुर के जैकीचंद सिंह अपने साथी रेंथलेई के क्रॉस पर हेडर से बॉल को नेट में पहुंचाने का मौका गंवा बैठे। इस प्रयास के बाद दोनों ही टीमें हाफ टाइम तक अपना खाता नहीं खोल पाई। लेकिन बेंगलुरु ने 55 फीसदी बॉल पजेशन और 137 पास के साथ अपना दबदबा बनाए रखा।

दूसरे हाफ में जमशेदपुर ने 79वें मिनट में अपना खाता खोल लिया। ओवेन कॉयले की टीम के लिए यह गोल नाइजीरियन डिफेंडर स्टीफन एजे ने अनिकेत जाधव के असिस्ट पर हेडर के जरिए किया। एजे का सीजन का यह तीसरा गोल है। एजे के गोल के जमशेदपुर के पास 83वें मिनट में भी अपनी लीड को डबल को अवसर था, लेकिन टीम कुछ इंचों से चूक गई।

87वें मिनट में बेंगलुरु के एक और खिलाड़ी क्लाइटन सिल्वा रेफरी की नजरों में आ गए और उन्हें येलो कार्ड दिखाया गया। इसके बाद मुकाबला इंजरी टाइम में प्रवेश कर लिया, जहां पांच मिनट का और अतिरिक्त समय जोड़ने के बाद बेंगलुरु बराबरी का गोल नहीं दाग पाई और उसे सीजन की दूसरी हार झेलनी पड़ी। अंतिम सीटी बजने से पहले एजे चोटिल हो गए और उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया।

 

0 comments

Leave a Reply