जम्मू कश्मीर का जायजा लेने पहुंचा प्रतिनिधियों का दल

नई दिल्ली। कश्मीर में जिला विकास परिषद चुनावों के बाद यूरोप और अफ्रीका के प्रतिनिधियों का एक दल आज दो दिवसीय दौरे पर घाटी पहुंचा है। यहां उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।


विदेशी प्रतिनिधिमंडल बडगाम जिले के मगम ब्लॉक पहुंचा है, जहां उन्हें पंचायती राज और वहां लोगों की समस्याओं का हल कैसे किया जाता है उसके बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्हें ये भी बताया जा रहा है कि कैसे पंचायत के लोग गांव के घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं। विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने यहां कुछ स्थानीय लोगों से भी बात की।

बडगाम पहुंचे राजनयिकों में से फ्रांस और इटली के राजनयिकों ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनका हाल जाना। बाद में अन्य राजनयिकों ने भी स्थानीय लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि दो दिवसीय दौरे के दौरान यह प्रतिनिधि मंडल 5 अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 की समाप्ति और राज्य का दर्जा समाप्त होने के बाद केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी लेगा। इसके अलावा डीडीसी के नव-निर्वाचित सदस्य कुछ प्रमुख नागरिकों और प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठकें भी करेंगे। प्रतिनिधिमंडल गुरूवार को जम्मू में उपराज्यपाल से भी मुलाकात करेगा। इस दल में राजनयिकों के अलावा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। 


दूसरे दिन यह प्रतिनिधिमंडल जम्मू का दौरा करेगा। जहां वे डीडीसी सदस्यों और कुछ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा उप राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे। अधिकारियों ने इस दौरे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे कुप्रचार से निपटने के लिए की जा रही कूटनीतिक कवायद बताया है।

0 comments

Leave a Reply