जम्मू और कश्मीर : पाकिस्तान की गोलीबारी में एक जवान शहीद

|

जम्मू और कश्मीर में पाकिस्तान ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए फायरिंग की. राज्य के राजौरी सेक्टर में शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई इस घटना में एक जवान मोहम्मद नसीर के शहीद होने की खबर है. इसके बाद भारतीय सैनिकों ने भी पाकिस्तान की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया. रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने एलओसी के बालाकोट, नायका और मंजकोट क्षेत्र में गोलाबारी की. प्रवक्ता ने यह भी बताया कि शहीद जवान मोहम्मद नसीर राज्य के ही पुंछ के रहने वाले थे. पाकिस्तानी सेना पिछले कुछ समय से लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रही है. सेना का दावा है कि फायरिंग की आड़ में पाकिस्तान आतंकियों की भारत में घुसपैठ कराना चाहता है. वहीं आज सुबह दक्षिण कश्मीर के त्राल में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया. आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सेना, सीआरपीएफ और राज्य पुलिस ने साझा तलाशी अभियान चलाया था. लेकिन आतंकियों की फायरिंग के बाद यह अभियान मुठभेड़ में बदल गया. इससे पहले बुधवार को भी केरन सेक्टर में एलओसी के पास पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में सेना के दो जवान शहीद हो गए थे. वहीं पिछले शनिवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन कर की गई गोलीबारी में दो नागरिकों की मौत हो गई थी.

0 comments

Leave a Reply