सीजफायर के बाद इजराइल की गाजा पर एयरस्ट्राइक:12 घंटे में 413 की मौत, सैकड़ों घायल; हमास बोला-अब 24 इजराइली बंधकों का जिंदा बचना मुश्किल
इजराइल ने मंगलवार सुबह गाजा में फिर से एयरस्ट्राइक शुरू कर दी है। करीब 12 घंटे से जारी इजराइली हमलों में अब तक 413 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि सैकड़ों घायल हैं।
इस हमले के साथ ही 19 जनवरी को गाजा और इजराइल के बीच हुआ दो महीने पुराना सीजफायर टूट गया है। इजराइल का दावा है कि वह हमले की प्लानिंग कर रहे आतंकियों को निशाना बना रहा है।
वहीं, गाजा के उग्रवादी संगठन हमास का कहना है कि नेतन्याहू का फिर से युद्ध शुरू करने का फैसला इजराइली बंधकों के लिए मौत की सजा की तरह है।
इस हमले के बाद हमास की कैद में मौजूद लगभग 2 दर्जन इजराइली बंधकों की रिहाई को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। दूसरी तरफ इजराइली फोर्सेज ने लोगों को पूर्वी गाजा खाली करने का आदेश दिया है।
इजराइल के हमले के बाद की तस्वीरें....






इजराइली रक्षामंत्री बोले- गाजा में नरक के दरवाजे खोल देंगे
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने यह हमले इसलिए कराए क्योंकि सीजफायर पर हो रही बातचीत आगे नहीं बढ़ रही थी। नेतन्याहू कई बार फिर से जंग शुरू करने की धमकी दे चुके हैं। वहीं, इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने चेतावनी दी है कि अगर बंधकों को रिहा नहीं किया तो गाजा में नरक के दरवाजे खोल देंगे।
हमास ने इजराइली हवाई हमलों को सीजफायर का उल्लंघन बताया है। हमास ने धमकी दी है कि इस कदम से उसकी कैद में मौजूद इजराइली बंधकों की जान खतरे में आ गई है। हमास ने कहा कि इजराइल ने बिना किसी उकसावे के हमले किए हैं।
इजराइल ने पिछले दो हफ्तों से गाजा में भोजन, दवाइयों, ईंधन और अन्य सप्लाई को रोक दिया है और मांग की है कि हमास सीजफायर समझौते में बदलाव स्वीकार करे।
सीजफायर के पहले फेज में 33 इजराइली बंधक रिहा हुए
सीजफायर का पहला फेज 1 मार्च को खत्म हो गया है। पहले फेज में हमास ने 33 बंधक छोड़े हैं, इनमें 8 शव शामिल हैं। वहीं इजराइल ने 2 हजार फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया है। इजराइल और हमास के बीच सीजफायर के दूसरे फेज पर अभी तक बातचीत शुरू नहीं हो पाई है।
इस फेज में लगभग 60 बंधकों को रिहा किया जाना था। साथ ही जंग को पूरी तरह से खत्म करने पर बात होनी थी। हमास के पास अभी 24 जिंदा बंधक और 35 के शव हैं।
इजराइल और फिलिस्तीन के बीच सीजफायर डील तीन फेज में पूरी होनी थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कैदियों की अदला-बदला पर समझौता हुआ था। पहला फेज पूरा हो चुका है। दूसरे फेज पर बात नहीं बन पाई।
पहला फेज:
- 19 जनवरी से 1 मार्च तक गाजा में पूरी तरह से युद्धविराम रहा। हमास ने 33 इजराइली बंधकों को रिहा किया।। इजराइल रोजाना अपने एक बंधक के बदले 33 फिलिस्तीनी बंदियों को रिहा करेगा। हर एक इजराइली महिला सैनिक के बदले 50 फिलिस्तीनी बंदियों को रिहाई मिलेगी।
दूसरा फेजः
- कहा गया था कि पहले फेज के 16वें दिन, यानी 3 फरवरी तक सब कुछ ठीक रहा, तो दूसरे फेज की योजना पर बातचीत शुरू होगी। इस दौरान हमला नहीं किया जाएगा। जिंदा बचे हुए बाकी बंधकों को रिहा किया जाएगा। हालांकि बातचीत अभी तक शुरू नहीं हो सकी है।
- इजराइल 1 हजार फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा, इनमें लगभग 190 कैदी 15 साल से ज्यादा समय से सजा काट रहे हैं।
तीसरा फेजः
- इस डील के आखिरी फेज में गाजा को दोबारा बसाया जाएगा। इसमें 3 से 5 साल का समय लगेगा। हमास के कब्जे में मारे गए बंधकों के शव भी इजराइल को सौंपे जाएंगें।

0 comments