वेस्ट बैंक में इजराइली सैनिकों की फिलिस्तीनियों के साथ बेरहमी:मीडिया रिपोर्ट का दावा- कपड़े उतारकर घसीटा, मुंह पर थूका; आंखें-हाथ बांधकर लात-घूंसे मारे

इजराइल-हमास जंग के बीच कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें इजराइली सैनिक फिलिस्तीनियों से ज्यादतियां करते दिख रहे हैं। इनमें से ज्यादातर वीडियो वेस्ट बैंक के हैं।

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक इन वीडियोज में फिलिस्तीनियों की आंखों पर पट्टी बंधी है। उनके हाथों में हथकड़ी भी है। एक वीडियो ऐसा भी है, जिसमें इजराइली सैनिक 7 फिलिस्तीनियों को बेरहमी से मार रहे हैं। इन लोगों के शरीर पर कपड़े तक नहीं हैं। ये लोग दर्द से कराह रहे हैं। फिर भी सैनिक इन्हें घसीटते हुए इन पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं।

सैनिकों के मुताबिक, ये फिलिस्तीनी अवैध तरीके से इजराइल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। सभी वेस्ट बैंक के रहने वाले मजदूर हैं। दरअसल, जंग का दायरा बढ़ रहा है और सेना वेस्ट बैंक में रेड कर फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार कर रही है।

इजराइली सैनिकों ने गिरफ्तार किए गए फिलिस्तीनियों के कपड़े उतार कर उन्हें घसीटा और उनके साथ मारपीट की।
इजराइली सैनिकों ने गिरफ्तार किए गए फिलिस्तीनियों के कपड़े उतार कर उन्हें घसीटा और उनके साथ मारपीट की।

सैनिक ने फिलिस्तीनी शख्स पर थूका
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट में जिस वीडियो का जिक्र किया गया है, उसमें इजराइली सैनिक एक फिलिस्तीनी शख्स के मुंह पर थूकता नजर आ रहा है। सैनिक उसके पेट पर लात मारते और उसे गाली देते दिख रहे हैं। इस शख्स की आंखें और हाथ बंधे हुए हैं। वहीं, दूसरा सैनिक एक अन्य फिलिस्तीनी के सिर पर पैर रखे दिख रहा है। अन्य सैनिक इन फिलिस्तीनियों पर बंदूक ताने खड़े हैं।

फिलिस्तीनी को यहूदी धार्मिक संगीत पर डांस करने के लिए कहा
एक वीडियो में इजराइली सैनिक फिलिस्तीनी शख्स को यहूदी धार्मिक संगीत पर डांस करने के लिए कह रहा है। वो खुद रिलीजियस म्यूजिक पर डांस कर रहा है और गिरफ्तार किए गए शख्स से कह रहा है- तुम क्यों नहीं डांस कर रहे। फिलिस्तीनी शख्स की आंखों पर पट्टी और हाथ में हथकड़ी है। इसके बावजूद इजराइली सैनिक उसे घुमाता है।

इजराइली सैनिक रिलीजियस म्यूजिक पर डांस करते हुए गिरफ्तार किए गए फिलिस्तीनी को घुमाते हुए दिख रहा है।
इजराइली सैनिक रिलीजियस म्यूजिक पर डांस करते हुए गिरफ्तार किए गए फिलिस्तीनी को घुमाते हुए दिख रहा है।

फिलिस्तीनी के पैर पर इजराइली झंडा रखा
एक अन्य वीडियो में गिरफ्तार किया गया फिलिस्तीनी शख्स जमीन पर बैठा दिख रहा है। सैनिकों ने उसके पैरों को इजराइली झंडे से कवर कर दिया। इस पर इजराइल डिफेंस फोर्स का कहना है कि सैनिकों की इन हरकतों को लेकर उनसे पूछताछ हो रही है। इन वीडियोज की भी जांच हो रही है। एक सैनिक को बर्खास्त भी किया गया है।

इजराइली सैनिकों ने फिलिस्तीनी शख्स को गिरफ्तार कर उसे जमीन पर बैठाया और उसके पैरों पर इजराइली झंडा रख दिया।
इजराइली सैनिकों ने फिलिस्तीनी शख्स को गिरफ्तार कर उसे जमीन पर बैठाया और उसके पैरों पर इजराइली झंडा रख दिया।

इजराइली नागरिक फिलिस्तीनियों के घर जला रहे
जंग शुरू होने के बाद से इजराइली नागरिक, अपने देश में रहने वाले फिलिस्तीनियों के घर जला रहे हैं। पत्थर भी फेंक रहे हैं। कुछ इजराइली नागरिक हथियार लेकर और मास्क लगाकर फिलिस्तीनियों के साथ मारपीट कर रहे हैं। फिलिस्तीनियों को घर छोड़ने के लिए भी मजबूर किया जा रहा है।

वेस्ट बैंक में अब तक 128 फिलिस्तीनी मारे गए
इजराइली सेना का कहना है कि वेस्ट बैंक में भी हमास लड़ाके मौजूद हैं और वे इन्हें अरेस्ट कर रहे हैं। यहां सेना और फिलिस्तीनियों के बीच झड़प भी हो रही है। जंग की शुरुआत से अब तक वेस्ट बैंक में रह रहे 128 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। 1,900 से ज्यादा लोग घायल हैं।

7 अक्टूबर को शुरू हुई इजराइल-हमास जंग अब भी जारी
हमास ने 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमला कर दिया था। करीब 2500 लड़ाके सीमा पर लगे तारों को तोड़ते हुए इजराइल में घुस गए थे। हमास ने उस दिन इजराइल पर 5 हजार रॉकेट दागने का दावा किया। हमले के कुछ ही देर बाद इजराइली सेना ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। लिहाजा 27 दिन बाद भी यह जंग जारी है। अब 1400 से ज्यादा इजराइलियों की मौत हो चुकी है। 8,700 से ज्यादा फिलिस्तीनी भी मारे गए हैं।

ये खबर भी पढ़ें...

इजराइली म्यूजिक फेस्टिवल पर हमास ने कैसे किया हमला: लड़ाकों ने 3 तरफ से घेरकर 260 को मारा; महिलाओं को अगवा करके गाजा ले गए

तारीख- 7 अक्टूबर, समय- सुबह 6:30 बजे, जगह- इजराइल का बॉर्डर इलाका किबुत्ज रीम। यहां इजराइल के नोवा म्यूजिक फेस्ट के लिए जुटे हजारों लोगों को आसमान में गाजा पट्टी की तरफ से दागे गए रॉकेट्स दिखाई दिए। वो कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वहां हमास के लड़ाके मोटरसाइकिल, गाड़ियां और ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए और ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

 

0 comments

Leave a Reply