लेबनान पर इजराइली हमला, हिजबुल्लाह कमांडर ढेर:24 घंटे में 249 फिलिस्तीनियों की मौत; दावा- हमास लीडर सिनवर बंधकों को ढाल बना रहा

इजराइल लगातार गाजा के साथ लेबनान पर भी हमला कर रहा है। अल जजीरा के मुताबिक इजरायली सेना ने सोमवार शाम लेबनान की तरफ हमला किया। इसमें हिजबुल्लाह का सीनियर कमांडर विसाम अल-तविल मारा गया। हिजबुल्लाह के आतंकी एक कार में थे, जब इजराइल ने एयरस्ट्राइक की।

वहीं, इजराइल के हमले में पिछले 24 घंटे में 249 फिलिस्तीनी मारे गए। अब तक 22 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। 1200 इजराइली मारे गए थे।

इधर, टाइम्स ऑफ इजराइल ने हयोम न्यूजपेपर के हवाले से अपनी खबर में लिखा कि इजराइली सेना हमास लीडर सिनवर की लोकेशन जानता है। लेकिन उस पर हमला करने से बच रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि सिनवर बंधकों के साथ ही छुपा हुआ है। वो इजराइली सेना से हमलों से बचने के लिए बंधकों को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रहा है।

राफा में इजराइली बमबारी से एक कार तबाह हो गई। इसमें सवार 3 लोग मारे गए।
राफा में इजराइली बमबारी से एक कार तबाह हो गई। इसमें सवार 3 लोग मारे गए।

हमास लीडर की हत्या के बाद हालात ज्यादा पेचीदा हुए
वहीं, इजराइल और हमास की जंग के बीच बंधकों की रिहाई का मसला उलझता जा रहा है। ‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमास की कैद में मौजूद बंधकों के कुछ परिवारों ने कतर की राजधानी दोहा जाकर वहां के प्रधानमंत्री से मुलाकात की है।

रिपोर्ट के मुताबिक- कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने बंधकों के परिवारों से कहा कि इजराइल ने लेबनान में हमास के डिप्टी लीडर सालेह अल अरूरी को मारकर हालात पेचीदा कर दिए हैं।

उधर, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात में जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह ने कहा कि अमेरिका को अब फौरन सीजफायर के लिए इजराइल पर दबाव बनाना चाहिए।

कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने इजराइली बंधकों के परिवारों से कहा है कि इजराइल ने हमास के डिप्टी लीडर सालेह अल अरूरी को मारकर हालात पेचीदा कर दिए हैं। (फाइल)
कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने इजराइली बंधकों के परिवारों से कहा है कि इजराइल ने हमास के डिप्टी लीडर सालेह अल अरूरी को मारकर हालात पेचीदा कर दिए हैं। (फाइल)

इजराइल ने हालात मुश्किल कर दिए

  • रिपोर्ट के मुताबिक- हमास की कैद में मौजूद 6 बंधकों के परिवार शुक्रवार को सीक्रेट विजिट पर दोहा पहुंचे और उन्होंने शनिवार को कतर के प्रधानमंत्री अल थानी से मुलाकात की।
  • बताया जाता है कि थानी ने इन परिवारों को बताया कि इजराइल ने पिछले हफ्ते बेरूत में हमास के डिप्टी लीडर सालेह को मारकर सीजफायर या होस्टेज रिलीज को और मुश्किल बना दिया। अमेरिकी न्यूज वेबसाइट ‘एक्सिओस’ ने भी सूत्रों के हवाले से इस बातचीत की पुष्टि की है।
  • माना जा रहा है कि सालेह के मारे जाने के बाद हमास ने कतर और इजिप्ट से सीजफायर को लेकर चल रही बातचीत रोक दी है। हालांकि, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को कहा था कि बंधकों की रिहाई को लेकर बातचीत जारी है।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह के बीच अम्मान में करीब एक घंटे बातचीत हुई। जॉर्डन चाहता है कि सीजफायर के लिए जरूरी है कि अमेरिका अब इजराइल पर दबाव डाले।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह के बीच अम्मान में करीब एक घंटे बातचीत हुई। जॉर्डन चाहता है कि सीजफायर के लिए जरूरी है कि अमेरिका अब इजराइल पर दबाव डाले।

इजराइल पर दबाव डाले अमेरिका

  • इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन जॉर्डन पहुंचे और यहां किंग अब्दुल्लाह से मुलाकात की। बातचीत के दौरान किंग अब्दुल्लाह ने ब्लिंकन से कहा कि अब अमेरिका को इजराइल पर दबाव डालना चाहिए ताकि वो सीजफायर के लिए तैयार हो जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसके नतीजे खतरनाक होंगे और इससे जंग का दायरा पूरे मिडिल ईस्ट तक फैलने का खतरा है।
  • ब्लिंकन अम्मान के पहले तुर्किये भी गए थे और वहां भी प्रेसिडेंट रिसेप तैयप एर्दोगन ने उनसे इजराइल पर दबाव डालने की मांग की थी। यही बात किंग अब्दुल्लाह ने ब्लिंकन से कही। इस पर अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि हालात बिगाड़ने में सबसे बड़ा रोल ईरान का रहा है, क्योंकि वो हमास और हूती जैसे आतंकी संगठनों को हथियार और दूसरी मदद दे रहा है।
  • अमेरिका इस वक्त इजिप्ट, ग्रीस और तुर्किये के साथ ही कतर और जॉर्डन के संपर्क में है। पिछले दिनों प्रेसिडेंट बाइडेन ने कहा था कि इजराइल को अपनी हिफाजत का पूरा हक है और अगर हमास इजराइल पर हमले बंद नहीं करता तो इजराइल को रोकना बेहद मुश्किल काम होगा।

 

0 comments

Leave a Reply