इजराइली सैनिकों ने दो फिलिस्तीनी बच्चों को गोली मारी:नेतन्याहू बोले- सेना सीजफायर खत्म होते ही हमले शुरू करेगी

इजराइल-हमास के बीच सीजफायर का छठा दिन है। अल जजीरा के मुताबिक, वेस्ट बैंक के जेनिन शहर में रेड के दौरान इजराइली सैनिकों ने दो बच्चों को गोली मार दी। मारे गए बच्चों में एक की उम्र 8 साल और दूसरे की उम्र 15 साल बताई जा रही है।

दरअसल, इजराइली सेना हमास के खात्मे के लिए वेस्ट बैंक में भी रेड कर रही है। वहां से फिलिस्तीनी लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। इजराइल का कहना है कि सेना ने वेस्ट बैंक से 700 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से कई हमास के आतंकी बताए जा रहे हैं।

इस बीच इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजराइली सेना सीजफायर खत्म होने के बाद हमले शुरू कर देगी। 24 नवंबर को शुरू हुए सीजफायर का आज आखिरी दिन है। हमास ने सीजफायर को 4 दिन और बढ़ाने की इच्छा जताई है। वहीं, नेतन्याहू ने कहा- हमारा मकसद हमास का खात्मा करना है। हम नहीं चाहते कि इजराइल पर दोबारा कोई खतरा मंडराए।

इधर, सीजफायर के छठे दिन हमास ने दो रूसी बंधकों को आजाद किया। हमास ने कहा कि इनकी आजादी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए एक संकेत है।

5वें दिन 12 लोग आजाद हुए
इजराइल-हमास के बीच सीजफायर के पांचवें दिन हमास ने 10 इजराइली और 2 थाईलैंड के बंधकों को आजाद किया। 53 दिन बाद 9 महिलाएं और 1 बच्ची मंगलवार को इजराइल पहुंचे। बदले में इजराइल ने भी 30 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया। मंगलवार को जिन महिलाओं को हमास ने छोड़ा, उनमें से ज्यादातर के पति अब भी बंधक हैं।

तस्वीर उन 10 इजराइली बंधकों की है, जिन्हें हमास ने मंगलवार रात आजाद कर दिया।
तस्वीर उन 10 इजराइली बंधकों की है, जिन्हें हमास ने मंगलवार रात आजाद कर दिया।

गन पॉइंट पर इजराइली बच्चों को दिखाए हमले के वीडियो
इधर, आजाद हुए बच्चों में से एक 12 साल के एतान याहालोमी की रिश्तेदार देबोराह कोहेन ने फ्रेंच टीवी को बताया कि कैद में इजराइली बच्चों को हमास ने गन पॉइंट पर रखकर 7 अक्टूबर के हमले से जुड़े वीडियो दिखाए थे।

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, देबोराह ने बताया कि गाजा में एतान को मारा गया था। देबोराह ने आगे कहा- मैं इस बात पर विश्वास करना चाहती थी कि हमास ने बंधकों के साथ अच्छा बर्ताव किया, लेकिन ऐसा नहीं है। किसी भी बच्चे को कैद में रोने तक की आजादी नहीं थी। अगर कोई रोता था तो हमास लड़ाके उसे गोली मारने की धमकी देते थे।

एतान के पास इजराइल और फ्रांस की सिटिजनशिप है। हमास ने एतान के साथ उसकी मां और दो बहनों को भी पकड़ा था। सभी गाजा पहुंचने से पहले ही कैद से भाग गए थे, लेकिन एतान नहीं भाग पाया और हमास आतंकी उसे गाजा ले गए थे। उसके पिता अब भी हमास की कैद में हैं। उन्हें 7 अक्टूबर को गोली भी लगी थी।

युवल, ओफ्री और उरीया ब्रोडेट्ज 51 दिनों की कैद के बाद अपने पालतू कुत्ते से मिले।
युवल, ओफ्री और उरीया ब्रोडेट्ज 51 दिनों की कैद के बाद अपने पालतू कुत्ते से मिले।

हमास के पास 3 इजराइली सैनिकों के शव
इसके अलावा टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइली सेना ने कहा है कि 7 अक्टूबर को हमास तीन सैनिकों को बंधक बनाकर गाजा ले गया था। इन तीनों सैनिकों की मौत हो गई है। सेना ने कहा कि हमें जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक इन सैनिकों की 7 अक्टूबर को ही मौत हो गई थी। इनके शव हमास के पास ही हैं। जंग में अब तक 395 सैनिक मारे जा चुके हैं।

इधर, सीजफायर के 5वें दिन हमास ने 10 इजराइली और दो थाई बंधकों को रिहा किया। इजराइल ने भी 30 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया। इनमें 15 महिलाएं और 15 बच्चे थे। सीजफायर लगने से अब तक पांच दिन में हमास ने 81 बंधकों को छोड़ा है। वहीं, इजराइल ने इससे पहले तक अपनी जेलों से 150 फिलिस्तीनियों को रिहा किया है। इनमें 50 इजराइली बंधक और 19 विदेशी नागरिक शामिल हैं।

हमास ने एलन मस्क को गाजा आने का न्योता दिया
हमास ने अरबपति एलन मस्क को गाजा आने का न्योता दिया है। हमास के एक सीनियर अधिकारी ओसामा हमदान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मस्क को गाजा बुलाया। उन्होंने कहा- हम उन्हें दिखाना चाहेंगे कि गाजा में इजराइली हमले के बाद किस हद तक जनसंहार और बर्बादी हुई है। 50 दिन के अंदर इजराइल ने 40 हजार विस्फोटकों से फिलिस्तीनियों के घरों और दूसरी जगहों पर हमला किया।

हमास ने कहा- अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन को इजराइल के साथ अपने संबंध पर फिर से विचार करना चाहिए। उन्हें इजराइल को हथियार सप्लाई रोकनी चाहिए। दरअसल, सोमवार को एलन मस्क इजराइल के दौरे पर गए थे। जहां उन्होंने PM नेतन्याहू के साथ मुलाकात के बाद कहा था कि नफरत को मिटाने के लिए वो हरसंभव कोशिश करेंगे।

इजराइली सेना ने हमास की कैद में मारे गए सैनिकों की तस्वीरें जारी कीं।
इजराइली सेना ने हमास की कैद में मारे गए सैनिकों की तस्वीरें जारी कीं।

नॉर्थ गाजा में इजराइली सैनिकों पर हमला
इजराइली सेना ने कहा- नॉर्थ गाजा में हमारे सैनिकों पर 3 बमों से हमला हुआ। कुछ सैनिक घायल हुए। हमास ने उन पर हमला किया। ये सीजफायर का उल्लंघन है। इसके पहले हमास ने इजराइल पर सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाया था। हमास ने कहा था कि इजराइल वेस्ट बैंक में गोलीबारी कर रहा है और गाजा में मदद नहीं पहुंचने दे रहा है।

हमास की कैद से आजाद होने के बाद इजराइल पहुंचा एतान अपनी मां के गले लग गया।
हमास की कैद से आजाद होने के बाद इजराइल पहुंचा एतान अपनी मां के गले लग गया।
मंगलवार को हमास की कैद से रिहा होने के बाद मिया और गैब्रिएला लीमबर्ग ने परिजनों से फोन पर बात की।
मंगलवार को हमास की कैद से रिहा होने के बाद मिया और गैब्रिएला लीमबर्ग ने परिजनों से फोन पर बात की।
बंधकों को राफा में रेड क्रॉस को सौंपते हमास के लड़ाके। यहां से इन्हें इजराइल ले जाया गया।
बंधकों को राफा में रेड क्रॉस को सौंपते हमास के लड़ाके। यहां से इन्हें इजराइल ले जाया गया।
वेस्ट बैंक के रामल्लाह पहुंचने के बाद अपने परिजनों को गले से लगाती फिलिस्तीनी कैदी।
वेस्ट बैंक के रामल्लाह पहुंचने के बाद अपने परिजनों को गले से लगाती फिलिस्तीनी कैदी।

9 साल की एमिली सो नहीं पाती
हमास की कैद से आजाद हुई 9 साल की एमिली के पिता ने कहा- मेरी बेटी बहुत डरी हुई है। वो रात को सो नहीं पाती। रोती रहती है। धीमी आवाज में कुछ कहती रहती है। उसे लगता है कि वो एक साल से हमास की कैद में थी। उसे ठीक होने में समय लग जाएगा।

इजराइल आर्मी चीफ बोले- हम दोबारा हमले करने के लिए तैयार
इजराइल डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल हर्जी हलेवी ने कहा- हम दोबारा हमले करने के लिए तैयार हैं। सीजफायर के दौरान हमने अपने सैनिकों को जंग के लिए तैयार कर लिया है। 7 अक्टूबर को हमसे कुछ गलतियां हुईं। खुफिया एजेंसी फेल हुई, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। हमने नए बैटल प्लान को मंजूरी दे दी है।

50 दिन हमास की कैद में रहने के बाद 25 नवंबर को एमिली हैंड अपने पिता से मिली।
50 दिन हमास की कैद में रहने के बाद 25 नवंबर को एमिली हैंड अपने पिता से मिली।

कतर पहुंचे मोसाद चीफ
इजराइली इंटेलिजेंस एजेंसी मोसाद के चीफ डेविड बार्निया 27 नवंबर को कतर पहुंचे। इजराइल और हमास के बीच कतर मध्यस्थता करवा रहा है। जंग शुरू होने के बाद बार्निया तीसरी बार कतर पहुंचे हैं। इस दौरान वो अमेरिकी खुफिया एंजेसी CIA के डायरेक्टर विलियम बर्न्स से मुलाकात करेंगे। मोसाद चीफ बार्निया सीजफायर बढ़ाने और सभी बंधकों की आजादी को लेकर बात करेंगे।

गाजा में बीमारियों से ज्यादा लोगों की मौत होगी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि अगर गाजा में हेल्थ और सैनिटेशन सिस्टम ठीक नहीं हुआ तो गाजा पट्टी में बमबारी से ज्यादा लोग बीमारी से मर सकते हैं। दरअसल, इजराइल ने सीजफायर से पहले गाजा को होने वाली बिजली-पानी की सप्लाई रोक दी थी। NGO ऑक्सफैम और यूनाइटेड नेशन एजेंसी ने चेतावनी दी थी कि गाजा में पानी-बिजली रोक देने से हैजा जैसी जानलेवा बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।

इजराइली रेड के बाद गाजा के सबसे बड़े अल-शिफा अस्पताल के बाहर कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा है।
इजराइली रेड के बाद गाजा के सबसे बड़े अल-शिफा अस्पताल के बाहर कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा है।

'अल-अक्सा फ्लड' के खिलाफ इजराइल का ऑपरेशन 'सोर्ड्स ऑफ आयरन'
हमास ने इजराइल पर 7 अक्टूबर को हमला किया था। उसने इजराइल के खिलाफ अपने ऑपरेशन को 'अल-अक्सा फ्लड' नाम दिया। इसके जवाब में इजराइल की सेना ने हमास के खिलाफ 'सोर्ड्स ऑफ आयरन' ऑपरेशन शुरू किया। हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने कहा था- ये हमला यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।

वहीं, हमास के प्रवक्ता गाजी हामद ने अल जजीरा से कहा था- ये कार्रवाई उन अरब देशों को हमारा जवाब है, जो इजराइल के साथ करीबी बढ़ा रहे हैं। हाल ही के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका की पहल पर सऊदी अरब इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दे सकता है।

 

0 comments

Leave a Reply