इजराइल पर फिलिस्तीनियों को टॉर्चर करने के आरोप:हिरासत में लिए गए फिलिस्तीनी बोले- इजराइली सैनिकों ने हमारे ऊपर पर पेशाब किया; सिगरेट से जलाया
इजराइल-हमास जंग को ढाई महीने से ज्यादा समय बीत चुका है। इजराइली सेना फिलिस्तीनियों को हमास आतंकी होने के शक में हिरासत में ले रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली सैनिक हिरासत में लिए गए लोगों को टॉर्चर कर रही है। हिरासत में लिए गए 3 भाईयों- सोभी, सैदी और इब्राहिम यासीन ने बताया कि सैनिकों ने उन्हें सिगरेट से जलाया।
सोभी ने कहा- सैनिक हमें उठाकर किसी आर्मी कैंप में ले गए। यहां हमारे साथ मारपीट की। हमारे कपड़े उतरवाए। शरीर पर जली हुई सिगरेट से घाव दिए। हम पर पेशाब की। हमारे मुंह पर मिट्टी फेंकी। दो हफ्ते हिरासत में रखने के बाद हमें छोड़ दिया। पहले भी कई ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं जिसमें सैनिक फिलिस्तीनियों को घसीटते हुए इन पर लात-घूंसे बरसाते नजर आए हैं।

21 हजार फिलिस्तीनियों की मौत
पिछले 24 घंटे में हुई इजराइली बमबारी में 165 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। 250 से ज्यादा लोग घायल हुए। 7 अक्टूबर से शुरू हुई इजराइल-हमास जंग में अब तक 21 हजार से ज्यादा गाजा के लोग मारे जा चुके हैं। इनमें 8,800 से ज्यादा बच्चे हैं। करीब 6,300 महिलाएं हैं। 56 हजार से ज्यादा लोग घायल हैं। वहीं, हमास के हमले में 1200 इजराइलियों की मौत हुई थी।
जंग की 2 तस्वीरें...


हिजबुल्लाह ने इजराइली चर्च पर हमला किया
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक लेबनान की तरफ से दागे गए रॉकेट से इजराइल के एक चर्च को नुकसान पहुंचा है। यह चर्च बॉर्डर के पास स्थित इकरीट शहर में है। सेना ने कहा- हिजबुल्लाह ने सेंट मैरी ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर रॉकेट दागा। इस दौरान एक बुजुर्ग घायल हो गया।

दक्षिण अफ्रीका ने इजराइल पर नरसंहार का आरोप लगाया
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, साउथ अफ्रीका ने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में इजराइल पर नरसिंहार का आरोप लगाया। साउथ अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कोर्ट से कहा- इजराइल को फौरन हमले रोकने के ऑर्डर दिए जाएं। वो गाजा में रह रहे फिलिस्तीनियों को खत्म कर रहा है। वहीं, इजराइल ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। इजराइल का कहना है कि यह बातें बेबुनियाद हैं।
'अल-अक्सा फ्लड' के खिलाफ इजराइल का ऑपरेशन 'सोर्ड्स ऑफ आयरन'
हमास ने इजराइल के खिलाफ अपने ऑपरेशन को 'अल-अक्सा फ्लड' नाम दिया है। इसके जवाब में इजराइल की सेना ने हमास के खिलाफ 'सोर्ड्स ऑफ आयरन' ऑपरेशन शुरू किया। हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने कहा था- ये हमला यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।
वहीं, हमास के प्रवक्ता गाजी हामद ने अल जजीरा से कहा था- ये कार्रवाई उन अरब देशों को हमारा जवाब है, जो इजराइल के साथ करीबी बढ़ा रहे हैं। हाल ही के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका की पहल पर सऊदी अरब इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दे सकता है।

0 comments