पाकिस्तान चुनाव को अमान्य घोषित करने सुप्रीम कोर्ट में याचिका:केयर टेकर प्रधानमंत्री बोले- नतीजों में देरी का मतलब धांधली नहीं; इलेक्शन कमीशन ने भी सफाई दी
पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। कोई भी पार्टी 134 का जादुई आंकड़ा यानी बहुमत हासिल नहीं कर सकी है। 80 घंटों के बावजूद चुनाव आयोग ने अब तक नतीजों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। जबकि गठबंधन की सरकार के लिए कवायद तेज हो चुकी है।
नवाज शरीफ की पार्टी PML-N के प्रेसिडेंट शाहबाज शरीफ ने रविवार रात पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता आसिफ अली जरदारी और उनके बेटे बिलावल से मुलाकात की। इसके बाद PPP ने कहा- सोमवार को सेंट्रल एग्जीक्यूटिव कमेटी की मीटिंग के बाद कोई फैसला करेंगे।
इस बीच, पाकिस्तान के केयर टेकर प्राइम मिनिस्टर अनवार-उल-काकड़ ने कहा है कि इलेक्शन रिजल्ट्स में देरी का मतलब यह नहीं कि चुनाव में कोई धांधली हुई। इलेक्शन कमीशन ऑफ पाकिस्तान ने रिजल्ट्स में देरी की वजह मोबाइल और इंटरनेट सर्विस के सस्पेंशन को माना है।
दूसरी तरफ, इमरान खान की पार्टी PTI के समर्थन से जीते निर्दलीय पाला बदलकर नवाज के साथ जाने लगे हैं। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कुल 336 सीटें हैं। इनमें से 265 सीटों पर चुनाव हुए। एक सीट पर चुनाव टाल दिया गया, जबकि एक सीट NA-88 के नतीजों को खारिज कर दिया गया है। यहां 15 फरवरी को फिर से वोटिंग होगी। बाकी 70 सीटें रिजर्व हैं।
पाकिस्तान की सभी 264 सीटों पर नतीजों की घोषणा हुई...

नोट- पहले इमरान समर्थक 100 सीटों पर जीते बताए गए थे। पाक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें से 93 लोग ही इमरान की PTI से जुड़े हैं। इन्हीं ने पहले PTI से नामांकन दर्ज कराया था जो कैसिंल हो गया था। उसके बाद वो निर्दलीय लड़े थे।
लाइव अपडेट्स
इमरान खान की पार्टी PTI केंद्र के अलावा पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। सोमवार को पार्टी की कोर कमेटी की मीटिंग हुई। इसके बाद जारी बयान में कहा गया- हम केंद्र के अलावा पंजाब और खैबर में चुनाव जीते हैं। सरकार बनाने के लिए जरूरी उपायों पर विचार किया जा रहा है। कुछ पदों पर नियुक्तियां भी की जाएंगी। इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है।
PPP सेंट्रल एग्जीक्यूटिव कमेटी की मीटिंग खत्म हो गई है। इसमें आसिफ अली जरदारी और बिलावल भुट्टो के अलावा फरयाल तालपुर भी शामिल हुईं। फरयाल बिलावल की बुआ और पार्टी की वुमन विंग की प्रेसिडेंट हैं। मीटिंग में इलेक्शन रिजल्ट आने के बाद सियासी हालात और पार्टी की स्ट्रैटेजी पर विचार हुआ। आसिफ अली जरदारी की लीडरशिप में भरोसा जताया गया। इस दौरान कमेटी सदस्यों ने कुछ सुझाव भी दिए।

नवाज शरीफ की बेटी और PML-N की चीफ ऑर्गनाइजर मरियम नवाज ने सोमवार रात उन निर्दलीय सांसदों से मुलाकात की, जो चुनाव के बाद पार्टी में शामिल हुए हैं। मरियम ने सांसदों से कहा- आपका फैसला पाकिस्तान की मुश्किलों को सुलझाने में मदद करेगा।
इमरान की पार्टी PTI के दो नेताओं रऊफ हसन और वकील उमैर नियाजी ने सोमवार शाम प्रेसिडेंट आरिफ अल्वी से मुलाकात की। उन्होंने प्रेसिडेंट अल्वी को चुनाव में हुई धांधली के बारे में बताया। इस बारे में राष्ट्रपति भवन ने बयान भी जारी किया। अल्वी को इमरान ने ही प्रेसिडेंट बनाया था और दोनों की काफी करीबी दोस्ती है।

इस्लामाबाद में पाकिस्तान पीपुुल्स पार्टी की सेंट्रल एग्जीक्यूटिव कमेटी की मीटिंग शुरू हो गई है। इसमें नवाज की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन सरकार बनाने के मसले पर विचार किया जाएगा।
इमरान खान की पार्टी PTI के पूर्व विधायक चौधरी अदनान की अनजान लोगों ने रावलपिंडी में गोली मारकर हत्या कर दी है। 9 मई 2023 को हुई हिंसा के बाद अदनान ने PTI छोड़ दी थी।

इलेक्शन कमीशन के बयान के मुताबिक- 8 फरवरी को हुए इलेक्शन के बारे में कुछ लोग धांधली के आरोप लगा रहे हैं। इस बारे में जो शिकायतें मिली हैं, उनकी जांच की जा रही है। अमन के माहौल में इलेक्शन कराना सबसे बड़ा चैलेंज था।
8 फरवरी को वोटिंग के दौरान मोबाइल और इंटरनेट सर्विस सस्पेंड होने पर इलेक्शन कमीशन ऑफ पाकिस्तान (ECP) ने सफाई दी है। ECP ने एक बयान में कहा- यह फैसला सिक्योरिटी के चलते लिया गया था। इसका असर इलेक्शन से जुड़े डेटा को भेजने पर भी हुआ। इसकी वजह से देरी हुई। हालांकि, अगर कुछ सीटों को छोड़ दिया जाए तो बाकी तमाम सीटों के नतीजे एक से डेढ़ दिन में आ गए थे। इसका मकसद किसी खास पार्टी को फेवर करना या किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था।
पाकिस्तान बड़े कारोबारी और इश्तेहकाम-ए-पाकिस्तान (IPP) पार्टी के सीनियर लीडर अलीम खान ने पार्टी चीफ जहांगीर तरीन के सियासत छोड़ने के फैसले पर दुख जताया है। अलीम ने कहा- उनके इस फैसले से बहुत मायूसी हुई। हम सिर्फ एक इलेक्शन हारे हैं। हार के बावजूद मुल्क के लिए सियासी तौर पर हम अब भी बहुत कुछ कर सकते हैं।

पाकिस्तान चुनाव में जमात-ए-इस्लामी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली। इसके बाद पार्टी के मुखिया सिराज उल हक ने पार्टी के अमीर पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत के बावजूद उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ।

पाकिस्तान चुनाव में धांधली के आरोपों के बीच केयर टेकर पीएम अनवार उल हक काकड़ ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर नतीजों में देरी का मतलब ये नहीं कि चुनाव में धांधली हुई है। देरी बर्दाश्त की जा सकती है पर आतंकी हमले नहीं।

9 मई की हिंसा के बाद PTI से अलग होकर पार्टी बनाने वाले जहांगीर तरीन ने राजनीति छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने इश्तेखाम ए पाकिस्तान पार्टी बनाई थी। वो चुनाव हार गए थे। उन्होंने पार्टी के चेयरमैन पद से भी इस्तीफा दे दिया है।

पाकिस्तान में एक शख्स अली खान ने 8 फरवरी को हुए चुनाव को अमान्य घोषित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। खान ने केयर टेकर सरकार और चुनाव आयोग से कहा है कि वो चुनाव को मान्यता न दें और 30 दिन के अंदर पाकिस्तान में फिर से चुनाव कराएं।

चुनावों में कथित धांधली के खिलाफ PTI के विरोध प्रदर्शन को लेकर पंजाब के केयरटेकर मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी ने कहा- कुछ लोग 9 मई 2023 को हुए दंगों की तरह ही दंगे करने की योजना बना रहे हैं।
दरअसल, मई में इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देश भर में हिंसा भड़क गई थी। PTI कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतरकर खान की रिहाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मिलिट्री हेडक्वॉर्टर समेत शहीदों स्मारकों पर हमला किया था। पाकिस्तान में दंगे भड़क गए थे, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी।
पाकिस्तान चुनाव के नतीजों के बीच पंजाब में मियांवली चेक पोस्ट पर 10 से ज्यादा आतंकियों ने हमले की कोशिश की। इसे सिक्योरिटी ऑफिशियल्स ने नाकाम कर दिया। काफी देर तक गन फाइट के बाद आतंकी भाग निकले। पुलिस इन्हें ढूंढ़ने में जुटी है।
सिंध से जमात ए इस्लामी पार्टी के नेता ने अपनी सीट आजाद उम्मीदवार को दे दी है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि मुझे खैराक में ये सीट दे रहे हैं। उन्होंने कहा मैं PS-129 की सीट वापस करता हूं। इस सीट पर आजाद उम्मीदवार जीता है। मुझे 26 हजार वोट मिले थे, लेकिन चुनाव आयोग ने जब नतीजे जारी किए थे तब उनके वोट 30 हजार कर दिए गए।
पाकिस्तान में वोटों की गिनती पूरी होने के बाद अमेरिका के राजदूत डोनाल्ड ब्लूम ने पूर्व विदेश मंत्री और PPP की तरफ से PM पद के उम्मीदवार बिलावल भुट्टो जरदारी से मुलाकात की है। ये मुलाकात करीब डेढ़ घंटे तक चली।
IMF की डेलीगेशन बेल आउट पैकेज डिस्कस करने के लिए पाकिस्तान में सेंटर और प्रांतीय सरकारें बनने के बाद वहां का दौरा करेंगी। अगले 2 से 5 हफ्तों के बीच ये दौरा होने की उम्मीद है। पाकिस्तान को 3 बिलियन डॉलर की मदद देने के लिए IMF की विजिट अहम है। अगर पाकिस्तान में स्थायी सरकार नहीं बनी और IMF से बातचीत नहीं हुई तो 3 बिलियन डॉलर का एग्रीमेंट 12 अप्रैल को एक्सपायर हो जाएगा।
पाकिस्तान के राजनीतिक हालातों का असर वहां की मार्केट पर दिखाई दे रहा है। 9 तारीख को जब शुरूआती नतीजे आए तो वहां का स्टॉक मार्केट 2 हजार पॉइंट्स नीचे आ गया था। वहीं, आज फिर से जब 2 दिन की छुट्टी के बाद बाजार हजार पॉइंंट्स की गिरावट के साथ खुला है।

इमरान खान की पार्टी ने निर्दलीयों को PTI से जोड़े रखने के लिए स्ट्रैटेजी बनाई है। पार्टी जीते हुए सभी उम्मीदवारों से शपथ पत्र भरवा रही है। इसमें लिखा है कि वो खान की मर्जी के बिना किसी पार्टी में नहीं जाएंगे। नेशनल असेंबली 38 की सीट से जीते इमरान समर्थक एक निर्दलीय उम्मीदवार का शपथ पत्र सामने आया है । इसमें वो वादा कर रहे हैं कि पार्टी के प्रति वफादार रहेंगे।

नेशनल असेंबली का नया सत्र 29 फरवरी को शुरू हो सकता है। डॉन के मुताबिक, राष्ट्रपति आरिफ अल्वी संविधान के तहत 29 फरवरी तक नई नेशनल असेंबली का नया सत्र बुलाने के लिए बाध्य हैं।
ऐसा इसलिए क्योंकि संविधान की धारा 91(2) के तहत, राष्ट्रपति को चुनाव नतीजों की आधिकारिक घोषणा या इसकी अधिसूचना जारी होने के 21 दिनों के अंदर नेशनल असेंबली का सत्र बुलाना होता है।
हालांकि, चुनाव को 80 से ज्यादा घंटे बीत चुके हैं चुनाव आयोग ने नतीजों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
कुछ इमरान समर्थक निर्दलीयों के नवाज से मिलने पर गौहर अली खान ने कहा कि वो इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा- हमें आशंका थी कि कुछ लोग ऐसा करेंगे। PTI के सभी कैंडिडेट हमारे संपर्क में हैं। जो लोग पाला बदलते हैं उन्हें आवाम माफ नहीं करती है।

PTI इमरान खान के बगैर सरकार बनाने को तैयार नहीं है। पार्टी चेयरमैन गौहर अली खान ने दूसरा रुख नाम के एक शो में इंटरव्यू के दौरान कहा है कि वो न तो PML-N और न ही PPP के साथ सरकार बनाने में सहज हैं।
गौहर का दावा है कि उनके पास बहुमत है। अगर उसका सम्मान नहीं किया गया तो वो विपक्ष में बैठना ज्यादा पसंद करेंगे। खान के मुताबिक नेशनल असेंबली की 70 सीटों के नतीजे विवादित हैं। जिनकी चुनाव आयोग का जांच करनी चाहिए।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में 265 सीटों पर चुनाव हुआ। इनमें से 11 सीटें महिला उम्मीदवारों ने जीतीं। 2018 में हुए चुनाव में 8 सीटें महिला उम्मीदवारों ने जीती थीं।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कुल 336 सीटें हैं। इनमें से 266 सीटों पर चुनाव होते हैं। बाकी 70 सीटें (60 सीटें महिलाओं के लिए और 10 सीटें गैर-मुस्लिमों के लिए) रिजर्व रहती हैं।
इस बार 265 सीटों पर चुनाव हुए। एक सीट पर चुनाव टाल दिया गया।

PTI के चेयरमैन गौहर अली खान का कहना है कि रिजर्व सीटों की कमी नेशनल असेंबली और प्रांतीय विधानसभाओं में सरकार बनाने की उनकी संभावनाओं को कम करेगी। इसलिए इन सीटों को हालिस करने के लिए किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन करने का फैसला किया है।
हालांकि PTI नवाज की पार्टी PML-N या बिलावल की पार्टी PPP के साथ गठबंधन को लेकर बात नहीं करेगी। गौहर अली खान ने कहा- PML-N या PPP के साथ गठबंधन से बेहतर होगा कि PTI विपक्ष पार्टी रहे।
इमरान खान की पार्टी PTI के कार्यकर्ता चुनाव के बाद से ही नतीजों को लेकर धांधली का आरोप लगा रहे हैं। इसके खिलाफ प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन के चलते पाकिस्तान के कई शहरों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया है।




PML-N के चेयरमैन शाहबाज शरीफ ने 24 घंटे में दूसरी बार JUI-F के मौलाना फजल उर रहमान से संपर्क किया। PML-N गठबंधन सरकार बनाने की कोशिश तेज कर रही है।
JUI-F चीफ मौलाना फजल-उर-रहमान खैबर पख्तूनख्वा की डेरा इस्माइल खान (NA-44) सीट से हार गए थे। इस सीट से PTI समर्थक अली अमीन गंडापुर ने जीत दर्ज की।
जियो न्यूज ने बड़ी खबर दी है। इसके मुताबिक- आसिफ अली जरदारी और उनके बेटे बिलावल इस्लामाबाद से लाहौर जा रहे हैं। यहां वो PML-N की लीडरशिप और खासतौर पर नवाज शरीफ से मिलेंगे। दोनों पार्टियां इस मुलाकात के बारे में चुप्पी साधे हैं।
इमरान की पार्टी PTI के समर्थन से लाहौर की एनए-121 सीट पर जीत दर्ज करने वाले वसीम कादिर ने नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन में शामिल होने का ऐलान किया। कादिर ने कहा- मैं अपने घर वापस आ गया हूं। कादिर को पंजाब प्रांत में इमरान की पार्टी PTI का बड़ा नेता माना जाता है।

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता फैसल करीम कुंडी ने कहा है कि अगर उनके नेता बिलावल भुट्टो जरदारी प्रधानमंत्री न बन पाएं तो उन्हें विपक्ष में बैठना चाहिए, लेकिन किसी और की सरकार में मंत्री नहीं बनना चाहिए। फैसल के मुताबिक- हम विपक्ष में रहकर भी जनता की सेवा कर सकते हैं, लेकिन कमजोर सरकार में शामिल होने का कोई मतलब नहीं है।
चुनाव जीतने के बाद पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी की बेटी और PTI नेता मेहर बानो ने कहा- सभी निर्दलीय इमरान की वजह से चुनाव जीते हैं। लिहाजा, उन्हें पाला नहीं बदलना चाहिए।

PTI चेयरमैन गौहर खान ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर से मांग की है कि वो इमरान समेत PTI के राजनीतिक कैदियों को रिहा करें। दरअसल, शनिवार को आर्मी चीफ ने पाकिस्तान में अराजकता मिटाने और देश की बेहतरी के लिए के लिए राजनीतिक स्थिरता को जरूरी बताया था। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए PTI चेयरमैन ने कहा- बेहतरी का मतलब है कि देश में कोई भी राजनीतिक कैदी नहीं होना चाहिए। अरब न्यूज से बात करते हुए गौहर खान ने कहा- PTI को मिले जनादेश का सम्मान किया जाना जरूरी है।
पुलिस ने प्रदर्शनों करने के खिलाफ 300 PTI कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है। इसमें दो PTI समर्थित उम्मीदवार भी शामिल हैं।

0 comments